फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jhansi News: लादेन को खोजने वाली नस्ल का डॉग अब झांसी पुलिस के पास

विज्ञापन
विज्ञापन
झांसी। अमेरिकी सैन्य अभियान में ओसामा बिन लादेन के ठिकाने तक पहुंचने में मददगार रही नस्ल का डॉग अब झांसी पुलिस के बेड़े में भी शामिल हो गया है। बेल्जियन शेफर्ड नस्ल के नोया को ग्वालियर स्थित बीएसएफ के राष्ट्रीय श्वान प्रशिक्षण केंद्र में करीब एक साल का प्रशिक्षण दिया गया है। उसके साथ प्रशिक्षित हैंडलर अनुज कुमार को भी झांसी में तैनात किया गया है। दो दिन पहले नोया को डॉग स्क्वायड में शामिल किया गया।
विज्ञापन

बेल्जियन शेफर्ड नस्ल के डॉग अपनी फुर्ती, सतर्कता और गंध पहचानने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं। प्रशिक्षित ट्रैकर डॉग घटनास्थल से मिली गंध के आधार पर सुराग तलाशने और संदिग्धों के रास्ते का पता लगाने में पुलिस की मदद करते हैं। हैंडलर अनुज कुमार के मुताबिक, डॉग को गंध के आधार पर सुराग तलाशने और उसका पीछा करने का प्रशिक्षण दिया जाता है। इससे आपराधिक घटनाओं की जांच में मदद मिलती है।
झांसी पुलिस के डॉग स्क्वायड में पहले दो फीमेल ट्रैकर डॉग थीं। करीब तीन साल पहले उनकी मौत के बाद ये पद खाली थे। अब नोया और रूही के रूप में दो ट्रैकर डॉग स्क्वायड में शामिल हैं। रूही को भी ग्वालियर स्थित राष्ट्रीय श्वान प्रशिक्षण केंद्र में नौ महीने का प्रशिक्षण दिया गया था। उसे दो माह पहले तैनात किया गया था।
विज्ञापन


दूध, अंडा, पनीर और मटन है पसंद
प्रशिक्षित खोजी डॉग की देखभाल और खुराक का विशेष ध्यान रखा जाता है। नोया को दूध, अंडा, पनीर और मटन पसंद है। उसके भोजन पर होने वाला खर्च विभागीय व्यवस्था के तहत हैंडलर को उपलब्ध कराया जाता है। हर प्रशिक्षित डॉग के साथ उसके हैंडलर को भी प्रशिक्षण दिया जाता है, ताकि दोनों के बीच बेहतर तालमेल बना रहे।

काहिरा भी था अमेरिकी अभियान में शामिल
मई 2011 में पाकिस्तान के एबटाबाद में ओसामा बिन लादेन के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन नेप्च्यून स्पीयर में अमेरिकी नेवी सील्स की टीम के साथ काहिरा नाम का बेल्जियन मैलिनोइस नस्ल का सैन्य डॉग भी शामिल था। उसने अभियान के दौरान सैन्य टीम की मदद की थी। इस नस्ल के डॉग को विशेष प्रशिक्षण देकर विस्फोटक और मानव गंध पहचानने जैसे कामों में लगाया जाता है।

मोंटी, किसमी, रूही और नोया की टीम
झांसी पुलिस के डॉग स्क्वायड में अब चार डॉग हैं। इनमें मोंटी लैब्राडोर और किसमी जर्मन शेफर्ड नस्ल के हैं। दोनों को विस्फोटक खोजने का प्रशिक्षण दिया गया है। वहीं, रूही और नोया ट्रैकर डॉग हैं। ये घटनास्थल से मिले गंध संबंधी सुरागों के आधार पर जांच में पुलिस की मदद करेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें