सात साल की मासूम बच्ची को दवा दिलाने के बहाने घर से ले जाकर भेलकर्मी संजय मिश्रा (43) ने उसके साथ होटल में दुष्कर्म किया। आरोपी ने बच्ची के साथ दुष्कर्म का वीडियो भी बनाया। परिजनों से सूचना मिलने पर पुलिस भी हरकत में आ गई। मंगलवार देर-रात नवाबाद पुलिस ने भगवंतपुरा करगुवा पहाड़ी के पास हुई मुठभेड़ के दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया। पांव में गोली लगने से वह घायल हो गया।
सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया आरोपी संजय मिश्रा भेल में संविदा कर्मी है। रविवार को 7 साल की बच्ची को उपचार कराने के बहाने चित्रकूट के लिए लेकर निकला था। बच्ची को ऑटो से लेकर झांसी आ रहा था, ऑटो में भी बच्ची के साथ आपत्ति जनक हरकतें कर रहा था। बच्ची विरोध कर रही थी। उसी ऑटो में सवार महिला ने डाॅयल-112 को फोन करके यह बात पुलिस को बता दी। तुरंत हरकत में आते हुए नवाबाद पुलिस ऑटो की पहचान करके उसके परिजनों तक जा पहुंची। परिजनों ने बेटी को संजय के साथ भेजने की बात बताई। परिजनों के फोन करने पर संजय ने बच्ची के साथ खुद को ग्वालियर में बताया। परिजनों ने जब बताया कि पुलिस आई है, तब देर-शाम घर के बाहर बच्ची को आरोपी छोड़कर भाग निकला।
अश्लील हरकत के वीडियो भी बनाए
बच्ची घर पहुंचकर बिलखने लगी। रोते हुए बताया कि होटल ले जाकर संजय ने उसके साथ गलत हरकतें की। परिजनों ने पुलिस को सूचना दे दी। इसके बाद से पुलिस उसे तलाशने में जुट गई। देर-रात उसका सुराग भगवंतपुरा के पास मिला। नवाबाद प्रभारी रवि श्रीवास्तव की अगुवाई में पुलिस टीम पहुंच गई। पुलिस को देख संजय ने फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में पांव में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने तमंचा समेत मोबाइल फोन बरामद कर लिया। मोबाइल में बच्ची के साथ अश्लील हरकत करने के वीडियो भी मिले। उसने बताया कि यह वीडियो उसने खुद रिकॉर्ड किए थे।
ऑटो सवार महिला की सतर्कता से हरकत में आई पुलिस
ऑटो सवार महिला ने आरोपी संजय की हरकतों को देखकर सबसे पहले पुलिस को बताया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस को कहना है कि अगर समय रहते महिला डायल-112 को सूचना नहीं देती तब बच्ची के परिजनों को भी उसकी हरकतों के बारे में पता नहीं चलता। महिला से सूचना मिलने के बाद बच्ची का कुछ ही घंटों के भीतर पता चल गया।
मामले की जानकारी देतीं एसपी सिटी प्रीति सिंह...