झांसी। उत्कल एक्सप्रेस से ननों को उतारे जाने के मामले में जेल भेजे गए राष्ट्रभक्त संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष अंचल अड़जरिया समेत तीनों लोगों को जमानत मिलने के बाद रिहा कर दिया गया।
19 मार्च को उत्कल एक्सप्रेस के कोच नंबर बी-2 में लीविया थोमस, हेमलता (ईसाई धर्म की नन) और श्वेता व बीतरंग को उतारे जाने के मामले में जीआरपी ने बृहस्पतिवार की शाम राष्ट्रभक्त संगठन के अध्यक्ष अंचल अड़जरिया, पुरुकेश अमरया और अजय शंकर तिवारी पर शांति भंग की कार्रवाई की थी। शुक्रवार को जीआरपी ने तीनों को सिटी मजिस्ट्रेट के यहां पेश किया था। यहां से तीनों को जेल भेज दिया था। इस मामले में सुनवाई के लिए अगली तारीख 7 अप्रैल लगाई गई थी। बुधवार को सुनवाई के दौरान तीनों को जमानत मिलने के बाद जेल से रिहा कर दिया गया। जेल से छूटते ही कार्यकर्ताओं ने जेल के बाहर पहुंचकर तीनों का फूलमालाओं से स्वागत किया।