चिरगांव क्षेत्र में शराब कारोबारी के शव का मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार करते समय लोगों पर मधुमक्खियों ने हमला बोल दिया। मधुमक्खियों ने सीओ, इंस्पेक्टर समेत 35 लोगों को डंक मार दिया। सभी ने सरकारी अस्पताल में उपचार कराया। मधुमक्खियों के हमले के चलते देरी से अंतिम संस्कार हो पाया।
शुक्रवार सुबह थाना चिरगांव अंतर्गत पहाड़ी चुंगी निवासी अपहृत शराब कारोबारी मंशाराम शिवहरे का बेतवा नहर में शव उतराता मिला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। शुक्रवार देर रात पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया था। लेकिन, रात अधिक होने के चलते परिजनों ने अंतिम संस्कार नहीं किया था।
शनिवार सुबह अंतिम संस्कार से पहले गांव में कई थानों का पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया था। करीब 11 बजे अंतिम संस्कार करने के लिए परिजन व अन्य लोग श्मशान घाट पहुंचे। यहां चिता में आग लगने के साथ तेजी के साथ धुआं उठा, तभी पेड़ पर लगे छत्तों से मधुमक्खियां बाहर निकल आईं और लोगों पर हमला कर दिया।
सभी अपनी-अपनी जान बचाकर भागने लगे। किसी की चप्पल छूट गई तो किसी का मोबाइल गिर गया। इस दौरान सीओ गरौठा अभिषेक राहुल, इंस्पेक्टर समेत 35 लोगों को मधुमक्खियों ने काट लिया। करीब एक घंटे तक मुक्तिधाम में भगदड़ मची रही। गांव के लोगों ने पहुंचकर किसी तरह मधुमक्खियों को भगाया। सभी का सरकारी अस्पताल में उपचार कराया गया है।