वार्ड 37 बाहर दतिया गेट द्वितीय में नई पाइप लाइन डाली नहीं गई है और पुरानी लाइन से बमुश्किल एक घंटे पानी आता है। अभी पिछले दस दिनों से स्थिति और भी खराब हो गई है। लोग हैंडपंप से पानी भरने के लिए मजबूर हैं।
इस वार्ड की आबादी करीब 15 हजार है। यहां पठौरिया, दतिया गेट बाहर, नई बस्ती आदि मोहल्ले आते हैं। सिद्धेश्वर मंदिर से दतिया गेट की ओर जाने वाली सड़क का कुछ हिस्सा भी इस वार्ड में आता है। जगह-जगह यह मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके अलावा हर बारिश में पठौरिया, नई बस्ती समेत आसपास के इलाकों में जलभराव भी होता है। वार्ड में कई जगहों पर नालियों पर ड्रेन कवर भी नहीं डले हैं। कहीं हैंडपंप खराब पड़ा है तो विद्युत खंभा जर्जर है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि संबंधित विभागों से शिकायत करो तो सुनवाई नहीं होती है। नई बस्ती में आटा चक्की के पास एक साल से हैंडपंप ठीक नहीं हुआ है तो नीचे से गल चुका खंभा गिरने की स्थिति में आ गया है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन के लिए आने वाली गाड़ी मोहल्ले में एक जगह खड़ी हो जाती है। सभी को वहीं जाकर कचरा डालना पड़ता है। कुछ जगहों पर स्ट्रीट लाइटें भी खराब हैं।
बिजली का खंभा नीचे से गला हुआ
- फोटो : संवाद
पार्षद बोलीं- यह विकास कार्य हुए
10 किलोमीटर की सड़कें बनीं
150 से अधिक स्ट्रीट लाइटें लगीं
तीन हाईमास्ट लाइटें लगीं
10 सोलर लाइटें लगवाई गईं
यह बोले क्षेत्रवासी
एक घंटे ही पानी आता है। नई पाइपलाइन मोहल्ले में डली नहीं है। हैंडपंप से पानी भरने को मजबूर हैं। जल्द पाइपलाइन डाली जानी चाहिए। - मोनू साहू।
गर्मियों में जब भूजल स्तर काफी नीचे चला जाता है तो हैंडपंप से भी पानी नहीं आता है। हैंडपंप खराब होने पर कई-कई दिन ठीक नहीं होता। - सुरेंद्र सेन।
नई बस्ती में कई हैंडपंप भी खराब हैं। एक साल से इन्हें सुधारा नहीं जा रहा है। नालियों पर ड्रेन कवर तक नहीं हैं। स्ट्रीट लाइट भी खराब है। - भारती यादव।
नई बस्ती में खंभा पहले से गल गया था। अब गाड़ी की टक्कर से सीमेंट का बेस भी टूट गया है। कभी भी खंभा गिरने से हादसा हो सकता है। - कोमल सिंह।
इनका यह है कहना
वार्ड 37 के जो भी प्रस्ताव आए हैं, उन पर कार्य करवाया गया है। आगे भी जो जरूरी कार्य होंगे, उन्हें प्राथमिकता पर करवाया जाएगा। - राहुल कुमार यादव, अपर नगर आयुक्त।
वार्ड में पिछले ढाई साल के कार्यकाल में लगातार विकास कार्य करवाए गए हैं। कई नई सड़कें बनी हैं। कई मोहल्लों में स्ट्रीट लाइटें भी लगवाई गई हैं। वार्ड का विकास कराना प्राथमिकता में है। आगे भी काफी काम करवाया जाएगा। - भगवती देवी कुशवाहा, पार्षद, वार्ड 37