तेज रफ्तार प्राइवेट बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि पीछे बैठी महिला की हालत गंभीर होने पर उसे ग्वालियर रेफर कर दिया है। दोनों बुधवार को रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जा रहे थे। हादसा झांसी बार्डर से सटे मध्य प्रदेश में हुआ है। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
मोंठ थाना क्षेत्र के गांव जौरा निवासी दोजीराम (40) पुत्र सरमन खेती-किसानी के अलावा राजमिस्त्री का काम करता था। उसके दो बेटे गोलू (22) और छोटे (18) हैं। मृतक के भांजे रविंद्र कुमार ने बताया कि मामा के पड़ोस में लक्ष्मी देवी (35) का घर है। जो रिश्ते में उनकी चाची लगती हैं। लक्ष्मी के ममेरे भाई बबलू बबीना में रहते हैं। बुधवार को बबलू की मौत हो गई थी। अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए दोजीराम और लक्ष्मी बाइक से बबीना जा रहे थे। रविंद्र ने बताया कि बिजौली से आगे यूपी-एमपी बॉर्डर पर पुल के पास पहुंचे तभी तेज रफ्तार में आ रही एक प्राइवेट बस ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोजीराम और लक्ष्मी घायल हो गए। मध्य प्रदेश पुलिस ने लोगों के सहयोग से दोनों को मेडिकल कालेज में भर्ती करवाया। जहां पर इलाज के दौरान दोजीराम की मौत हो गई। वहीं, हालत गंभीर होने पर लक्ष्मी को ग्वालियर रेफर कर दिया गया। नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव ने बताया कि हादसा मध्य प्रदेश में हुआ है। मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया है।