पूंछ थाना क्षेत्र के बरौदा गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत हो गई। 3 साल पहले उसकी शादी हुई थी। गंभीर रूप से झुलसी महिला को परिजन निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचकर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। पुलिस ने समझाकर मामला शांत कराया।
जालौन जिले के बारा गांव निवासी जयकरण ने बताया कि बेटी मीनाक्षी (21) की शादी 5 जून 2023 को पूंछ थाना क्षेत्र के बरौदा गांव निवासी गोविंद अहिरवार से हुई थी। परिवार में शादी होने के कारण मीनाक्षी 24 जुलाई को मायके आई थी और 30 जुलाई को उसका देवर उसे वापस ससुराल ले गया था। मंगलवार शाम देवर का फोन आया कि मीनाक्षी ने आग लगा ली है। उसे झांसी ले जाया जा रहा है। पिता का आरोप है कि उनकी बेटी को डीजल डालकर जिंदा जलाया गया है। उनका कहना है कि घटना की वास्तविक जानकारी भी छुपाई जा रही है। उनका कहना है कि पहले ससुराल पक्ष ने आत्मदाह की बात कही, फिर सिलेंडर फटने से आग लगने की बात बताई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पूंछ थाना प्रभारी विद्यासागर सिंह ने बताया कि मायके पक्ष की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी