झांसी। झांसी-लखनऊ पैसेंजर ट्रेन शुक्रवार को निरस्त रही। इसके निरस्त होने से झांसी-कानपुर एवं लखनऊ के बीच जाने वाले यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। इसी तरह 15 दिसंबर से झांसी-आगरा एक्सप्रेस को भी निरस्त कर दिया गया है।
लखनऊ स्टेशन पर पॉवर एवं ट्रैफिक ब्लॉक के चलते कुछ गाड़ियां निरस्त की गई हैं। यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी झांसी-लखनऊ पैसेंजर के निरस्त होने से हो रही है। यह ट्रेन झांसी समेत मुस्तरा, चिरगांव, मोंठ, एरच रोड, पारीछा, उरई, ऐट, उसरगांव, लालपुर, बानमेर, कानपुर सेंट्रल से लखनऊ के बीच सफर करने वालों के लिए सबसे सुविधा जनक है लेकिन निरस्त होने से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं, झांसी-धौलपुर रेल खंड के बानमोर से सांक के बीच नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते झांसी-आगरा एक्सप्रेस (11807/11808) एवं झांसी-आगरा एक्सप्रेस (11901/ 11902) को भी 15 एवं 16 दिसंबर को निरस्त कर दिया गया है। जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह का कहना है कि 16 दिसंबर को कोरबा-अमृतसर एक्सप्रेस (18237) बीना से ग्वालियर के बीच करीब डेढ़ घंटे विलंब से रवाना होगी। कन्याकुमारी-निजामुउद्दीन एक्सप्रेस (12641) भी डेढ़ घंटा विलंबित रहेगी। 17 दिसंबर से यहां रेल यातायात बहाल हो जाएगा।