एरच थाना इलाके में मजदूर ने अपने साथी युवक को कुल्हाड़ी मारकर मौत के घाट उतार दिया और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश में जुट गई है। दोनों मजदूर एक साथ 50 किलोमीटर दूर मध्य प्रदेश के जिला निवाड़ी से आए थे।
एमपी जिला निवाड़ी के कुडार थाना सेंदरी निवासी 28 वर्षीय गोविंद 4 अक्टूबर की रात आठ बजे अपने गांव के साथी संजय व परिवार के साथ इस्किल के अनिल पटेल के यहां मूंगफली की फसल उखाड़ने के लिए आया था। रात दस बजे किसी बात को लेकर गोविंद का साथी संजय से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि संजय ने गोविंद के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन आनन-फानन में घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसराय ले गए। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद गोविंद को मृत घोषित कर दिया। मौके पर थाना अध्यक्ष एरच दीपशिखा सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंची। इस मामले में गरौठा सीओ असमा वकार ने बताया कि थाना एरच क्षेत्र अंतर्गत आपसी विवाद के दौरान संजय ने नशे की हालत में गोविन्द पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। उपचार के दौरान गोविन्द की मृत्यु हो गई। शव का पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है व आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी देतीं सीओ असमा वकार सुनिये...