बारह साल पुराने लूट के मामले में वांछित प्रदीप शुक्ला उर्फ काली सरकार को मऊरानीपुर एवं हरदोई पुलिस ने रविवार को उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया। वर्ष 2014 में हरदोई में लूट से जुड़े मामले में प्रदीप शुक्ला वांछित था। झांसी में कई साल से बाबा के वेष में छिपकर रह रहा था। शुरू में लहचूरा इलाके में रहता था, कुछ साल से मऊरानीपुर के कुरैंचा गांव में काली सरकार के नाम से दरबार चलाने लगा। हर शुक्रवार को आसपास के लोग दरबार में जुटते थे। पर्ची निकालकर गांव के लोगों को भविष्य भी बताता था।
सीओ रत्नेश्वर सिंह के मुताबिक मूल रूप से हरदोई के कोतवाली के चौहान चौक इलाका निवासी प्रदीप शुक्ला पर हरदोई के अलग-अलग थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं। दो मामलों में कोर्ट ने स्थायी वारंट जारी कर रखा है। हरदोई की कोतवाली से आरोपी प्रदीप हिस्ट्रीशीटर बदमाश भी है। पुलिस से बचने के लिए झांसी में बाबा बनकर रहता था। स्थायी वारंट जारी होने के बाद से पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी। रविवार को मऊरानीपुर एवं हरदोई पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रदीप को उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया। सीओ रत्नेश्वर सिंह के मुताबिक हरदोई पुलिस उसे अपने साथ लेकर रवाना हो गई।
मामले की जानकारी देते सीओ रत्नेश्वर सिंह...