झांसी-ग्वालियर फ्लाईओवर पर आवश्यक निर्माण कार्य के चलते 11 सितंबर की सुबह 10 बजे से 12 सितंबर की सुबह 10 बजे तक 24 घंटे के लिए इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस की ओर से वैकल्पिक मार्गों का डायवर्जन प्लान जारी किया गया है।
हल्के और चार पहिया वाहनों के लिए
बीकेडी चौराहा से अंसल तिराहा की ओर जाने वाले वाहन नई बस्ती चौकी कट से दाहिनी ओर मुड़कर दलिया गेट बाहर से गणेश चौराहा क्रॉसिंग होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएंगे। वहीं, अंसल तिराहा से बीकेडी चौराहा की तरफ आने वाले वाहन गणेश चौराहा क्रॉसिंग से दलिया गेट बाहर होते हुए नई बस्ती चौकी कट से निकलकर आगे जाएंगे।
बसों के लिए बदला मार्ग
बस स्टैंड से दतिया और ग्वालियर की ओर जाने वाली बसें शहर के अंदर प्रवेश नहीं करेंगी। ये बसें मेडिकल बाईपास से शिवानी तिराहा होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएंगी। वहीं, दतिया और ग्वालियर से झांसी बस स्टैंड आने वाली बसें शिवानी तिराहा से मेडिकल बाईपास होते हुए शहर में प्रवेश करेंगी।
भारी वाहनों की नो-एंट्री
दिन के समय नो-एंट्री अवधि में भारी वाहनों का प्रवेश पूर्व की तरह पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। अत्यावश्यक सेवाओं और खाद्य सामग्री वाले भारी वाहन केवल मेडिकल बाईपास मार्ग का प्रयोग करेंगे। रात में नो-एंट्री खुलने के बाद भी सभी प्रकार के भारी वाहनों को केवल मेडिकल बाईपास मार्ग से ही आवागमन करना होगा। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि निर्माण कार्य के दौरान निर्धारित डायवर्जन मार्गों का ही इस्तेमाल करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।