झांसी में पॉलिटेक्निक छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म कांड के मुख्य आरोपी रोहित सैनी का सीपरी पुलिस ने मेडिकल कराया। अन्य आरोपी भी मेडिकल के लिए जाएंगे। वहीं, उत्तर प्रदेश महिला व्यापार मंडल की सदस्यों ने बार एसोसिएशन को ज्ञापन सौंपा है, इसमें मांग की है कि पॉलिटेक्निक में हुई गैंगरेप की घटना के मामले में कोई भी अधिवक्ता दोषियों का मुकदमा न लड़े, साथ ही दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने में सहयोग करे।
आपको बता दें कि रविवार सुबह झांसी में एक नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना हुई। अपने साथी के साथ कोचिंग से लौटते समय ग्वालियर मार्ग पर स्थित पॉलीटेक्निक के ब्वॉयज हॉस्टल के पास बात करते समय छात्रा को 10 से 15 छात्रों ने घेर लिया और उसे घसीटते हुए हॉस्टल के अंदर ले गए।
वहां छात्रा का अश्लील वीडियो बनाया। इसे डिलीट करने के नाम पर दो हजार रुपये ऑनलाइन युवकों ने अपने खाते में ट्रांसफर कराए और दुष्कर्म किया। मौके पर पहुंचे सिपाही को देखकर छात्र फरार हो गए। पुलिस ने मुख्य आरोपी भरत और रोहित सैनी समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
रविवार की सुबह करीब 11 बजे 17 वर्षीय छात्रा कोचिंग से पॉलीटेक्निक में पढ़ने वाले अपने साथी के साथ स्कूटी से पॉलीटेक्निक कैंपस में पहुंची थी। एसएसपी दिनेश कुमार पी ने बताया कि नाबालिग छात्रा और उसका साथी पॉलीटेक्निक कॉलेज के पीछे बने हॉस्टल के पास खड़े होकर बातें कर रहे थे।
इस बीच मौके पर यहां के 10-15 छात्र पहुंच गए और दोनों को जबरन हॉस्टल के अंदर घसीटकर ले गए। यहां छात्रों ने दोस्त को जमकर पीटा और दहशत दिखाकर छात्रा का अश्लील वीडियो बनाया। वीडियो बनाने के बाद उसे डिलीट करने के नाम पर छात्रा से दो हजार रुपये ऑनलाइन अपने एकाउंट में ट्रांसफर करा लिए।
इसके बाद छात्रा को हॉस्टल की दूसरी मंजिल के कमरे में ले जाकर दुष्कर्म किया गया। इस बीच पॉलीटेक्निक कॉलेज के निकट से गुजर रहे एक सिपाही विक्रम को हॉस्टल के अंदर से चिल्लाने की आवाज सुनाई दी तो वह हॉस्टल के अंदर पहुंच गया। सिपाही को देख छात्र वहां से भाग गए। हालांकि पुलिस ने आठ आरोपियों कों गिरफ्तार कर लिया है।
घटना में शामिल ये आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे
1- रोहित कुमार सैनी (उम्र 22 वर्ष) , निवासी - कुलपहाड़, थाना कुलपहाड़, जनपद - महोबा
2- भरत कुमार कुशवाहा (उम्र 19 वर्ष), निवासी - छानीकला, थाना कबरई, जनपद - महोबा
3- शैलेंद्र नाथ पाठक (उम्र 19 वर्ष), निवासी - पाठकपुरवा, थाना वजीरगंज, जनपद - गोंडा
4- मयंक शिवहरे (उम्र 22 वर्ष), निवासी - खिल्लावारी, थाना टहरौली, जनपद - झांसी
5- बिपिन तिवारी (उम्र 24 वर्ष), निवासी - दामोदरपुर उर्फ तिवारीपुर, थाना थरवई, जनपद - प्रयागराज
6- मोनू पार्या (उम्र 20 वर्ष), निवासी - मुहल्ला रौनयापुरा रानीपुर, थाना मऊरानीपुर, जनपद - झांसी
7- धर्मेंद्र सेन (उम्र 19 वर्ष), निवासी - रानीपुर, थाना मऊरानीपुर, जनपद - झांसी
8- संजय कुशवाहा (20) कुलपहाड़ महोबा