फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झांसी की पहली महिला ऑटो चालक का कत्ल: सुपरवाइजर की नौकरी छोड़ी...बन गईं ड्राइवर, तीन साल से थी मुकेश से दोस्ती

Tue, 06 Jan 2026 12:35 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, झांसी

सार

झांसी की पहली महिला ऑटो चालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सुकुवां-ढुकुवां कॉलोनी के पास लहूलुहान हाल में लाश मिली है। पुलिस इसे हादसा ठहरा रही थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने कहानी पलट दी। पुलिस ने दो आरोपी हिरासत में लिए हैं। 
विज्ञापन
jhansi murder - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

झांसी की पहली महिला ऑटो चालक अनीता चौधरी (40) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। देर-रात उसका रक्त रंजित शव सुकुवां-ढुकुवां कॉलोनी के पास पड़ा मिला। थोड़ी दूर पर ऑटो सड़क पर पलटी हुई थी। परिजन हत्या के साथ लूटपाट का आरोप लगा रहे हैं। 
विज्ञापन


पहले पुलिस इसे हादसा ठहरा रही थी लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर पूरी कहानी पलट गई। अब पुलिस घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अनीता के मित्र मुकेश झा, उसके पुत्र शिवम समेत मनोज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शिवम एवं मनोज को हिरासत में लिया है। मुख्य आरोपी मुकेश की तलाश में पुलिस देर-रात तक दबिश देती रही। 
विज्ञापन


उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है। नवाबाद थाने के तालपुरा मोहल्ला के आंबेडकर नगर निवासी अनीता ने घर की आर्थिक स्थिति अच्छी न होने पर ऑटो चलाना शुरू किया था। 

झांसी की वह पहली महिला थी जो ऑटो चलाती थी। रविवार रात करीब 9:30 बजे वह घर से ऑटो लेकर निकली थी। रात 1:30 बजे उसका शव सुकुवां-ढुकुवां कॉलोनी के पास पड़ा मिला। उसके गले एवं सिर के आसपास खून के निशान थे। 
 

पचास मीटर दूर उसकी ऑटो पलटी हुई थी। नवाबाद पुलिस मौके पर पहुंची। अनीता के परिवार के लोग भी आ गए। अनीता के देवर दिलदार सिंह ने हत्या कर लूटपाट का आरोप लगाया। उसने कहा कि शरीर से मंगलसूत्र, कान-नाक के गहने, पायल एवं मोबाइल गायब है।
 

हादसा ठहरा रही थी पुलिस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पलटी कहानी
अनीता के गले एवं सिर पर गोली व छर्रा धंसने के साफ निशान थे। अनीता का देवर दिलदार भी गोली मारकर हत्या किए जाने की बात कह रहा था। इन सबके बावजूद पुलिस यह मानने को राजी नहीं थी। वह हत्या के बजाय इसे हादसा ठहराने पर जुटी रही। 
 

यहां तक कि एक्स पर पुलिस ने हिदायत दे डाली कि पुष्टिकारक आधार के बिना भ्रामक खबर का प्रसारण न किया जाए। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस को हत्या किए जाने की बात माननी पड़ी। इस रिपोर्ट के मुताबिक अनीता के गले को भेदते हुए एक गोली सिर की ओर जा फंसी थी।
 

चश्मदीद का बयान, गोली ने सुन्न कर दिए थे कान
अनीता पर जब प्राणघातक हमला हुआ तब उसका एक दोस्त ऑटो में उसके साथ मौजूद था। उसने बताया कि आरोपी ने गोली चलाई। गोली की आवाज सुनकर उसके कान सुन्न पड़ गए। वह अचानक से इसे समझ नहीं पाया। 
 

गोली मारने के बाद आरोपी वहां से भाग गए। उसका कहना है कि आसपास सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। इसमें पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। वह जब घटना स्थल पर दोबारा पहुंचा तो वहां पुलिस मौजूद थी। इसके बाद वह बयान दर्ज कराने नवाबाद थाने भी पहुंचा।
 

सुपरवाइजर की नौकरी छोड़ने के बाद शुरू किया था ऑटो चलाना
अनीता चौधरी स्नातक थी। परिजनों ने बताया कि अनीता ने करीब 15 साल तक एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी की। वर्ष 2020 में उसकी किसी बात पर कंपनी के अधिकारी से विवाद हो गया था। उसने अनीता से दोबारा न आने की बात कह दी। यह बात सुनकर अनीता ने नौकरी छोड़ दी। उसे मनाने के लिए बाद में मैनेजर ने फोन किया लेकिन अनीता अपने फैसले पर अड़ी रही। 
 

अनीता का पति द्वारका बस स्टैंड के पास ठेला लगाता है। उससे घर का खर्चा नहीं चलता था। अनीता बच्चों को लेकर महाराष्ट्र चली गई। वहां काम न मिलने पर वह घर लौट आई। इसके बाद परिवार की खस्ता माली हालत को देख उसने ऑटो चलाने की ठानी। हालांकि घर वाले राजी नहीं हुए। 
 

पति के दस्तावेज पर उसे लोन देने को कोई तैयार नहीं था। एक निजी बैंक ने किसी तरह लोन देने की हामी भरी। अनीता ने 18 फरवरी 2021 को फाइनेंस पर नई ऑटो खरीदी। उसे पड़ोस में रहने वाले युवक ने ऑटो चलाना सिखाया। इस तरह अनीता झांसी की पहली ऑटो ड्राइवर बन गई। 

कई संस्था उसके इस साहस को सराह चुकी हैं। तत्कालीन डीआईजी जोगेंद्र कुमार ने उसका उत्साह बढ़ाने के लिए ऑटो में बैठे थे। अनीता ने अपने ऑटो में जनपद झांसी पुलिस, झांसी की पहली ऑटो महिला ड्राइवर का पोस्टर भी लगा रखा था। उसकी मौत से परिवार में रोना-पिटना मचा है। परिवार में पति समेत बेटी साक्षी (18) और जानू (16) पढ़ते हैं जबकि एक बेटी की शादी हो चुकी है।
 

तीन साल से थी मुकेश से दोस्ती
हत्यारोपी मुकेश झा से अनीता की दोस्ती करीब तीन साल से थी। मुकेश एक होटल चलाता है। इसके साथ ही अन्य छोटे-बड़े काम भी मुकेश करता है। पुलिस को छानबीन में मालूम चला कि दोस्ती के बाद से मुकेश ने अनीता के लिए कई जेवर भी बनवाए थे। 
 

दोनों अक्सर साथ में रहते थे लेकिन कुछ समय से उनमें विवाद होने लगा था। अनीता ने मुकेश की शिकायत नवाबाद थाने में भी दर्ज कराई थी। कुछ महीने पहले दोनों के बीच स्टेशन पर मारपीट भी हुई थी। परिवार के लोग भी अनीता के साथ थाने पहुंचे थे।
 
विज्ञापन

कंट्रोल रूम को जैसी सूचना दी गई थी उसके मुताबिक पहले यह हादसा लग रहा था। चश्मदीद के सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत नामजद रिपोर्ट दर्ज की। हत्या की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी हुई है। आरोपी की तलाश की जा रही है। -बीबी जीटीएस मूर्ति, एसएसपी
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें