झांसी में सोमवार की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे सीपरी बाजार इलाके में तीन मंजिला दो इलेक्ट्रॉनिक शो-रूम में भीषण आग लग गई। यहां से निकलीं लपटों ने इंश्योरेंस कंपनी के ऑफिस, बंद कोचिंग सेंटर और स्पोटर्स की दुकान को भी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में इंश्योरेंस कंपनी की एक महिला अफसर समेत पांच की मौत हो गई।
झांसी में शो रूम से निकलतीं आग की लपटों और धुएं के गुबार को देखकर पूरे इलाके के लोग सहम उठे। आग और धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से ही दिखाई पड़ रहा था। पुलिस ने भी खतरे को देखते हुए शोरूम के आसपास के सभी घरों को खाली करा दिया। यहां से लोगों को हटाकर नंदनपुरा स्थित शेल्टर होम भेजा गया है।
विज्ञापन
वहीं, पूरे इलाके की लाइट भी काट दी गई है। बचाव कार्य के देर-रात तक जारी रहने की वजह से यहां मंगलवार को ही विद्युत आपूर्ति चालू होने की उम्मीद है। इसी तरह रामा बुक डिपो चौराहा के आसपास रहने वाले लोग अपने घरों में ताला लगाकर अपने रिश्तेदारों के यहां चले गए। इस पूरे इलाके की पुलिस ने घेराबंदी कर दी है।
वीडियो बनाने में लगे रहे लोग
वहीं, शेल्टर होम तक पहुंचाने के लिए अपर नगर आयुक्त मो.कमर एवं उप नगर आयुक्त अमित सिंह को भी वहां तैनात कर दिया गया था। निगम अफसरों के मुताबिक 70 से अधिक लोगों को शेल्टर होम में ठहराया गया है। जिस समय दोनों शोरूम के भीतर कर्मचारी मौत के मुंह में फंसे हुए थे। बाहर फायर ब्रिगेडकर्मी अपनी जान पर खेलकर बचाव कार्य में जुटे थे, उस समय बड़ी
विज्ञापन
संख्या में लोग वहां खड़े होकर वीडियो बना रहे थे।
वीडियो बनाने के फेर में
बराबर यह लोग फायर कर्मियों के सामने आ जा रहे थे। इस वजह से इनको भी यहां से खदेड़ने में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ रही थी। तमाम सारे लोग ऐसे भी वहां नजर आए जो अपने इंस्टाग्राम प्रोफाइल से इस पूरी घटना को लाइव दिखा रहे थे। पुलिस को इन्हें वहां से भगाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। सेना के आने के बाद काबू में आई आग विकराल आग की लपटें देख जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने सेना से मदद मांगी।
करीब एक घंटे बाद सेना की पहली दमकल पहुंची। इसके बाद एक के बाद एक सेना की दमकल गाड़ियां यहां आना शुरू हो गईं। छोटी और बड़ी कुल मिलाकर सेना की पचास
से अधिक गाड़ियां यहां आईं। इन गाड़ियों में लगे जेट की वजह से पानी सीधे दूसरी मंजिल के भीतर तक पहुंच रहा था। सेना की मदद से आग काबू में आ सकी।
दमकलकर्मियों का मशीन ने नहीं दिया साथ
इमारत से निकलने वाले धुएं से पूरा आसमान काला हो उठा था। दमकल कर्मी अपनी पूरी ताकत से आग पर काबू करने की कोशिश में जुटे रहे। दो घंटे में 20 गाड़ियों का पानी खाली कर दिया, लेकिन आग काबू में नहीं आई। दमकल कर्मियों के पास मौजूद मशीन से प्रेशर अधिक नहीं बन रहा था। इस वजह से इसकी फुहारें अधिक दूर तक नहीं जा पा रही थीं। दमकलकर्मी इस वजह से भी काफी समय तक जूझते रहे।
झांसी में दो इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में लगी भीषण आग
आपको बता दें कि झांसी में सोमवार की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे सीपरी बाजार इलाके में तीन मंजिला दो इलेक्ट्रॉनिक शो-रूम में भीषण आग लग गई। यहां से निकलीं लपटों ने इंश्योरेंस कंपनी के ऑफिस, बंद कोचिंग सेंटर और स्पोटर्स की दुकान को भी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में इंश्योरेंस कंपनी की एक महिला अफसर की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन झुलस गए। कई लोग लापता बताए जा रहे हैं।
आग में घिरे पांच लोगों ने दूसरी मंजिल से छलांग लगाकर जान बचाई। गिरने से दो लोग घायल हो गए हैं। आग से शोरूम के बाहर और बेसमेंट में खड़े 100 से ज्यादा दोपहिया वाहन भी जल गए हैं। 35 से 40 करोड़ रुपये के नुकसान होने का अनुमान है।
मिशन कंपाउंड निवासी नीतेश और रीतेश अग्रवाल का सीपरी बाजार के रामा बुक डिपो चौराहे पर के पास वीआर ट्रेडर्स के नाम से इलेक्ट्रॉनिक सामान का शोरूम है। सोमवार को शोरूम के प्रथम तल पर आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और एसी, टीवी, फ्रिज और मोबाइल समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलने लगे।
आग की लपटें दूसरे तल तक पहुंच गईं। पूरा शोरूम आग की लपटों से घिर गया। इससे भगदड़ मच गई। आग में घिरे पांच लोग जान बचाने के लिए दूसरी मंजिल से कूद पड़े। गिरने से दो लोग घायल हो गए। कुछ ही देर में भीषण आग ने पड़ोस के वैल्यू प्लस के शोरूम को भी चपेट में ले लिया। इस शोरूम में रखा सभी सामान जल गया।
आग तीसरी मंजिल पर स्थित यूनाइटिड इंश्योरेंस कंपनी के ऑफिस तक पहुंच गई। यह ऑफिस भी पूरी तरह से जलकर नष्ट हो गया। यहां महिला अफसर रजनी राजपूत की जलकर मौत हो गई। यहां से उठने वाली आग की लपटों ने बगल में लाइव स्पोर्ट्स की दुकान को भी चपेट में ले लिया।
दूसरी मंजिल पर स्थित एक बंद कोचिंग सेंटर भी आग की चपेट में आ गया। आग पर काबू पाने के लिए झांसी, ललितपुर के साथ ही आसपास के जिलों से भी फायर ब्रिगेड की 80 गाड़ियां बुला ली गईं। सेना भी बुला ली गई ।
सेना ने किसी तरह तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। चार जले शव भी मिले हैं। एसएसपी राजेश एस ने बताया कि शोरूम के ऊपर इंश्योरेंस कंपनी के कार्यालय में तैनात महिला कर्मी रजनी राजपूत समेत पांच लोगों की जलकर मौत हो गई है। माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी है।