रक्सा में खाद वितरण के दौरान किसान का हंगामा
- फोटो : संवाद
रक्सा स्थित राजापुर सहकारी समिति में खाद वितरण के दौरान गड़बड़ी होने का आरोप लगाते हुए किसान सचिव से भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। सचिव कमलेश यादव ने किसानों पर अतिरिक्त खाद मांगने का दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए रक्सा थाने में तहरीर दी है। किसानों ने सचिव पर खाद वितरण में गड़बड़ी का आरोप लगाया।
राजापुर निवासी संदीप का कहना है सचिव ने पांच बोरी के टोकन समेत पैसे लिए, लेकिन सिर्फ चार बोरी ही दिए जा रहे थे। इसी बात को लेकर विरोध करने पर उनको धमकाया जाने लगा। इससे वहां हंगामा हो गया। रक्सा पुलिस ने किसानों को किसी तरह शांत कराया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में खाद का वितरण कराया गया। सचिव कमलेश का कहना है कि कुछ किसान अतिरिक्त खाद की बोरी देने के लिए दबाव बना रहे थे। न देने पर धमकाने लगे। रक्सा थानाध्यक्ष राहुल राठौर का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।
कृषि अधिकारी ने लिया जायजा
जिला कृषि अधिकारी कुलदीप मिश्रा ने जावन, सकरार और मऊरानीपुर की सहकारी समितियों का निरीक्षण कर वहां स्टॉक की पर्याप्तता और स्टॉक रजिस्टर की जांच की। उन्होंने समितियों से आरटीजीएस के माध्यम से डिपॉजिट समय से जमा कराने को कहा।