थाना मऊरानीपुर कोतवाली इलाके में तालाब में डूब कर एक किसान की मौत हो गई है। खेत पर जाने के लिए तालाब के रास्ते से वह तैरकर जा रहा था इसी दौरान हादसे का शिकार हो गया। मौके पर पहुंचे प्रशासन ने गोताखोरों की मदद से तीन घंटे बाद तालाब से उसका शव बाहर निकाला है।
ग्रामीणों के मुताबिक गुरुवार की सुबह ग्राम स्यावनी खुर्द निवासी 35 वर्षीय बलवान सिंह गांव के दो लोगों के साथ खेत पर जाने के लिए घर से निकला था। खेत पर पहुंचने के लिए तालाब पार करना पड़ता है। बलवान ने कपड़े उतार कर तालाब में छलांग लगा दी। जैसे ही वह गहराई में पहुंचा तो डूबने लगा। मौके पर मौजूद साथियों ने इसकी जानकारी गांव में दी। जानकारी मिलने ही ग्राम प्रधान सुधीर यादव समेत उपजिलाधिकारी श्वेता साहू, नायबतहसीलदार अमित कुमार, कोतवाल मनोज कुमार सोलंकी मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तालाब में खोजबीन शुरू कराई।
बताया गया कि बलवान की लगभग एक तिहाई खेती की भूमि तालाब के उस पार है। जिसकी देखरेख करने के लिए तालाब को पारकर जाना पड़ता है या फिर निमोनी तिगैला से लगभग 15 किलोमीटर दूरी तय करना पड़ता है। परिवार में उसकी पत्नी जो कि विकलांग है, 14 वर्षीय पुत्र विशाल है। मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।