झांसी इलेविन ने रायल क्लब बबीना को हराया
झांसी। मेजर ध्यानचंद की जयंती खेल दिवस पर सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट, लक्ष्मी व्यायाम मंदिर, ध्यानचंद स्टेडियम सहित कई जगहों पर खेल प्रतियोगिताएं हुई। हॉकी, फुटबॉल, क्रिकेट मैचोें में खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। समापन कार्यक्रमों में वरिष्ठ खिलाड़ियों एवं विजेताओं को सम्मानित किया गया।
सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट में कालीचरण फुटबॉल प्रदर्शनी मैच का आयोजन हुआ। इसमें झांसी इलेविन ने रायल क्लब बबीना को 5 - 1 से हराया। इसमें रैनी यादव, अमित बिष्ट ने दो - दो, अर्पित सिंह ने एक गोल किया। जबकि बबीना की ओर से अरविंद सिंह पटेल ने एक गोल किया। मैच में रैफरी मोहम्मद आरिफ, जीशान अली, करन, मोहम्मद सलीम मंसूरी रहे। सिक्स ए साइड हॉकी प्रदर्शनी मैच में एलवीएम ए ने एलवीएम बी को 12-8 से हराया। इसमें नवीन कुशवाहा ने 5 गोल किए और ऋषभ कुशवाहा ने 3 गोल किए। खिलाड़ियों को पुरस्कार मंडल रेल प्रबंधक संदीप माथुर, विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी उल्लास कुमार ने दिए। कार्यक्रम में इंस्टीट्यूट ने रिमझिम वर्मा को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर मुकेश कुमार श्रीवास्तव, नीरज उपाध्याय, गोविंद सिंह, गूंजन श्रीवास्तव, सुनील शर्मा आदि मौजूद रहे।
इधर खेल दिवस के उपलक्ष्य में लक्ष्मी व्यायाम मंदिर में हो रही सिक्स ए साइड हॉकी प्रतियोगिता में बालक वर्ग के अंडर 19 के फाइनल में धनराज पिल्लै एकादश ने पेनाल्टी कार्नर के जरिये एलवीएम हॉकी अकादमी को 5 - 4 से हराया। मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी हनी कुशवाहा रहे। हनी ने 2 गोल किए। अंडर 14 में एलवीएम ए ने एलवीएम हॉकी अकादमी को 5 - 2 से हराकर खिताब जीता। इसमें सूर्यांश पथरौल मैन आफ द मैच चुने गए। बालिका वर्ग में महादेवी वर्मा एकादश ने एलवीएम हाकी अकादमी को 4 - 3 से हराया। रिमझिम साहू ने 2 गोल किए। समापन कार्यक्रम में पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी वीरेंद्र सिंह को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सुबोध खंडकर, सुनीता तिवारी, लखन लाल, अशोक सेन पाली, नौबत सिंह, सलीम उद्दीन, कैलाश कोच, हरीशंकर राय, जावेद अल्ताफ आदि मौजूद रहे।
खेल दिवस पर हुए क्रिकेट मैच में एलवीएम अकादमी ग्रीन ने रेड को चार विकेट से हराया। खिलाड़ियों में सौरव, कुणाल ने शानदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर बृजेंद्र यादव, परवेज आदि मौजूद रहे। इधर सामाजिक न्यू इंडिया फाउंडेशन एक पहल के तत्वावधान में आरएस पब्लिक स्कूल, एस राधा कृष्णन पब्लिक इंटर कालेज में दौड, लंबी कूद, म्युजिकल चेयर, खो खो, रस्सीकसी की प्रतियोगिताएं हुई।