झांसी में सनसनीखेज वारदात हुई। एमबीए की छात्रा को गोली मारने के बाद युवक ने खुद को उड़ा लिया। युवक की मौत हो गई। जबकि छात्रा को गंभीर हालत में भोपाल रेफर किया गया है।
झांसी में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के गेट से करीब सौ मीटर दूर रविवार दोपहर करीब सवा दो बजे सनसनीखेज घटनाक्रम में एक युवक ने एमबीए की छात्रा को तमंचे से गोली मारने के बाद खुद को भी उड़ा लिया। गोली की आवाज से इलाके में सनसनी फैल गई।
विज्ञापन
गंभीर स्थिति में दोनों को मेडिकल अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया जबकि युवती की हालत नाजुक है। उसे आईसीयू में रखा गया। देर रात हालत गंभीर होने पर भोपाल रेफर कर दिया गया। एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने अस्पताल पहुंचकर परिजन से बात की।
ललितपुर कोतवाली क्षेत्र के तालाबपुरा मोहल्ला निवासी कृतिका चौबे (22) एमबीए प्रथम वर्ष की छात्रा है। एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति के मुताबिक तालाबपुरा निवासी मनीष साहू (25) रविवार दोपहर कृतिका से मिलने झांसी आया था। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। कुछ वर्षों से उनके बीच अनबन चल रही थी। कृतिका ने मनीष से बात करनी बंद कर दी थी।
विज्ञापन
रविवार को आखिरी मुलाकात के बहाने मनीष ने कृतिका को बुलाया था। काफी गिड़गिड़ाहट करने पर कृतिका मिलने को राजी हुई। दोपहर करीब बारह बजे मनीष हॉस्टल से कृतिका को अपने साथ ले गया।
दोनों ने एक रेस्टोरेंट में खाना खाया। दोपहर करीब दो बजे दोनों लौटकर विश्वविद्यालय गेट के पास पहुंचे। बातचीत करने के दौरान मनीष ने अचानक बैग से तमंचा निकालकर पहले कृतिका को गोली मार दी।
गोली लगने के बाद जब कृतिका गिर गई तो मनीष ने अपनी कनपटी पर तमंचा सटाकर खुद को भी गोली मार ली। उधर, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल के पास से ही घटना में इस्तेमाल हुआ तमंचा बरामद कर लिया।
कृतिका की रीढ़ की हड्डी में फंसी गोली होगा ऑपरेशन
कृतिका को मनीष ने सामने से एक गोली मारी। वह गोली उसके सीने के दाएं हिस्से की चीरते हुए पीठ के रास्ते बाहर निकल गई। हालांकि उसका एक हिस्सा रीढ़ की हड्डी में अभी तक फंसा हुआ है। नाजुक हाल में कृतिका आईसीयू में भर्ती है। डॉक्टरों की टीम उसकी निगरानी कर रही है। डॉक्टरों का कहना है कि स्पाइनल में गोली का एक टुकड़ा फंसा होने से कृतिका के शरीर का निचला हिस्सा काम नहीं कर रहा है। आगे इलाज के लिए देर रात परिजन उसे लेकर भोपाल रवाना हो गए।
सीने में जिस राज को दी जगह, वह मेरी....
कृतिका की फेसबुक प्रोफाइल से घटना के करीब दो घंटे पहले 44 सेकंड की एक रील अपलोड हुई। इस रोल में कृतिका के साथ मनीष नजर आ रहा है। तमाम वीडियो मिक्स करके यह रील बनाई गई। सीने में जिस राज को दी जगाह, आंखों से मेरी वह बह ही गया... गाने के साथ इस रील के कैप्शन में लिखा गया कि आज ही के दिन इस रिश्ते को सात साल हुए। इसके साथ ही लिखा था कि अगर सच्चा प्यार करो तो निभाओ। धोखा मत दो। इस रील के अपलोड होने के साथ ही तुरंत फेसबुक प्रोफाइल में दोनों की एक साथ की तस्वीर भी लगा दी गई।
उधर, रील सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। तमाम लोगों ने इसे इंस्टाग्राम एवं फेसबुक पर अपने-अपने कमेंट के साथ शेषर किया। कृतिका को प्रोफाइल पर भी तमाम लोगों ने कमेंट किए, पुलिस की छानबीन में यह साफ नहीं हुआ कि कृतिका की आईडी से यह रील अपलोड किसने की। पुलिस को मालूम चला कि दोपहर करीब 12 बजे दोनों साथ में हवाना नामक रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे। वहां दोनों काफी देर तक बैठे रहे। इसके बाद वहां से वह लोग विश्वविद्यालय के पास पहुंचे थे।
सड़क पर दूर तक फैला खून दे रहा युवक के सनकपन की गवाही
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के गेट नंबर एक के पास स्थित स्ट्रीट फूड की दुकानों में रविवार दोपहर सामान्य दिनों की तरह खासी भीड़ थी। हॉस्टल में रहने वाले छात्र एवं छात्राएं भी मौजूद थीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोपहर करीब दो बजे दोनों गेट नंबर एक के पास फुटपाथ पर टहल रहे थे।
अचानक युवक ने नीचे झुककर बैग से कुछ निकाला। उसके अगले क्षण युवती जमीन पर गिर पड़ी। उसके महज 30 सेकंड के भीतर युवक ने अपनी कनपटी से सटाकर गोली चला दी। गोली की आवाज सुनकर एक बारगी लोग कुछ समझ नहीं सके। युवक के जमीन पर गिरते ही सबसे पहले विश्वविद्यालय गेट के सामने दूसरी पटरी पर मौजूद लोगों ने मार दिया-मार दिया का शोर मचाया।
इसके बाद यहां सीख पुकार मच गई। उधर से गुजर रहे वाहन चालक तेज रफ्तार में भाग निकले, जबकि कुछ थोड़ी दूर पर जाकर खड़े हो गाए। वहां मौजूद कुछ युवकों ने घटना का वीडियो बना लिया। इसमें कृतिका जमीन पर पड़ी तड़पती नजर आ रही है।
घटना के तुरंत बाद विश्वविद्यालय गेट के पास स्थित स्ट्रीट दुकानों के शटर बड़ाधड़ बंद हो गए। दुकानदार भाग निकले। सड़क पर दोनों का खून फैल गया। विश्वविद्यालय पुलिस चौकी के पहुंचने तक दोनों घायल अवस्था में सड़क पर पड़े रहे। पुलिस उन्हें लेकर अस्पताल पहुंची। उधर, घटना स्थल पर घंटों तमाशबीनों पुलिस की भीड़ जुटी रही। हॉस्टल के भी सैकड़ों छात्र पहुंच गए।