फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बंद रही दुकानें, बाजारों में पसरा रहा सन्नाटा

Tue, 05 Apr 2016 01:02 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
jhansi close, jhansi hindi news - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
झांसी। सराफा व्यापारियों का साथ देने के लिए सभी व्यापार मंडल केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ मैदान में उतर आए। उप्र. उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित इस बंद में सभी व्यापारिक संगठनों व दुकानदारों और फुटपाथी दुकानदारों ने भी पूर्ण सहयोग किया। नतीजा, महानगर पूरी तरह बंद रहा। इससे बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा।
विज्ञापन


केंद्र सरकार द्वारा थोपी गई एक्साइज ड्यूटी व पैन कार्ड की अनिवार्यता के विरोध में सराफा व्यापारी गत एक माह से आंदोलित हैं और अपने प्रतिष्ठान बंद कर लगातार विरोध जता रहे हैं। इसी क्रम में उप्र. उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय नेतृत्व ने संपूर्ण बंद का आह्वान किया था। इस बंद में अन्य व्यापारिक संगठनों व व्यापारी नेताओं ने भी समर्थन किया और बाजार बंद पूरी तरह सफल रहा।

सुबह से ही व्यापारी नेता मुकेश अग्रवाल, अशोक जैन, महेश राय, विजय जैन, प्रकाश गुप्ता, अतुल किलपन, पियूष रावत, संजय पटवारी आदि बड़ाबाजार में रामलीला मंच के पास एकत्र हो गए। यहां से सोलह टोलियां बनाकर व्यापारी बंद का निरीक्षण करने निकल पड़े। सुबह पांच बजे से बंद कराने निकले व्यापारियों को पहली बार चाय-नाश्ते एवं पान और सब्जियों की दुकानें भी बंद मिलीं।
विज्ञापन


इतना ही नहीं, दिन निकलने के बाद भी किसी प्रकार के  होटल, रेस्टोरेंट, व्यापारिक प्रतिष्ठान नहीं खुले। यहां तक कि नरिया बाजार व बड़ाबाजार में सब्जी मंडी तक बंद रही। नगर के प्रमुख बाजारों में मानिक चौक, शहर, सुभाष गंज, बड़ाबाजार, सीपरी बाजार, नगरा, नंदनपुरा, आवास विकास, सदर बाजार, इलाइट चौराहा, जेल चौराहा, चित्रा चौराहा आदि क्षेत्र की सभी दुकानें बंद रहीं। इस बंद से व्यापारी उत्साहित दिखे।

घूम-घूम कर बंद कराई दुकानें
झांसी। सुबह से ही व्यापारी संगठनों व व्यापारी नेताओं ने सोलह ग्रुप बनाकर उन दुकानों पर नजर रखने की रणनीति बनाई थी, जिनकी बंद के बावजूद खुलने की संभावना थी। इन सोलह टीमों ने महानगर के विभिन्न बाजारों में जाकर जायजा लिया और बंद को सफल पाकर खुश हो गए। शत प्रतिशत प्रतिष्ठान उन्हें बंद मिले। गोविंद चौराहे पर एक टायर की दुकान व सदर बाजार में एक पिज्जा की दुकान खुली मिली, जिसे व्यापारियों की अपील पर बंद कर लिया गया।

आसपास के कस्बों में भी दौड़े व्यापारी
झांसी। बाजार बंद महानगर में सफल रहा। इसके बावजूद व्यापारियों की टीमों ने आसपास के कस्बों व ग्रामीण क्षेत्रों की ओर रुख कर लिया। चिरगांव, बरुआसागर, टहरौली, पूंछ, मोंठ, बड़ागांव, मऊरानीपुर, समथर, रानीपुर, बबीना आदि क्षेत्रों में बंद पूर तरह असरदार रहा।

इन्होंने दिया समर्थन
झांसी। इस बंद में अन्य व्यापारिक संगठन जैसे उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, ऑल इंडिया उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, उप्र व्यापार मंडल,  जय बुंदेलखंड व्यापार मंडल व अखिल भारतीय स्वर्णकार समाज विकास एवं शोध संस्थान ने संयुक्त रूप से बंद का समर्थन किया। साथ ही विभिन्न राजनैतिक दलों जैसे कांग्रेस, शिवसेना आदि ने भी इस बंद को अपना समर्थन दिया।

फुटपाथी दुकानदारों ने भी दिया साथ
झांसी। बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों को बंद रखने का आह्वान तो हर बार होता था। इस बार बंद में छोटे व फुटपाथी दुकानदारों ने भी स्वेच्छा से अपनी दुकानें बंद रखीं। जिसका सभी व्यापारी संगठनों ने स्वागत किया और बंद में सहयोग करने के लिए आभार जताया।

खुले रहे मेडिकल स्टोर
झांसी। बाजार बंद के इस आयोजन को पूरी तरह सफल बनाया गया। लेकिन मेडिकल स्टोर, दवा की अन्य दुकानें खुली रहीं। इससे मरीजों व उनके तीमारदारों को दवा खरीदने में कोई परेशानी नहीं हुई। क्योंकि इस बंद से मेडिकल स्टोर को अलग रखा गया था।

लोगों को हुई परेशानी
झांसी। कुछ लोगों को बाजार बंद के इस आह्वान की जानकारी नहीं थी। इसलिए वह अपने घरेलू सामानों की खरीददारी करने के लिए बाजार की ओर निकल पड़े। बाजार पहुंचने पर जब उन्हें बंद के बारे में मालूम हुआ तो उन्हें मायूसी हुई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें