दुर्घटना के बाद ऑटो में लगी आग।
- फोटो : संवाद
रविवार सुबह सदर बाजार थाना क्षेत्र के हंसारी रेलवे क्रॉसिंग के पास कार और सीएनजी ऑटो में जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के एक मिनट बाद ही सीएनजी ऑटो आग के गोले में तब्दील हो गया। देखते ही देखते ऑटो धूं-धूं कर जलने लगा। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के समय ऑटो में कई यात्री सवार थे। लोगों ने कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई। ऑटो से निकलते समय खैलार बबीना निवासी राजीव (31), रसोई निवासी कुबेर यादव (50), राजा का तालाब निवासी फूला देवी (70), खाती बाबा निवासी सविता (44) समेत चार यात्री जख्मी हो गए। घायलों को उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल ले जाया गया। यहां उनका उपचार चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे हादसा हुआ। सूचना पर सदर बाजार थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह पहुंच गए। दमकल की गाड़ियां बुला ली गईं। आधा घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका। थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह के मुताबिक घायलों को मामूली चोट आई है। उनका उपचार कराया जा रहा है।
वीडियो...