सीबीआई ने बुधवार को सेंट्रल जीएसटी के तीन अफसरों को 70 लाख की घूस लेते हुए पकड़ा। उनके साथ जीएसटी मामलों के अधिवक्ता नरेश कुमार गुप्ता समेत जय दुर्गा हार्डवेयर का प्रोपराटर राजू मंगनानी को भी सीबीआई ने पकड़ा। इन सभी को पूछताछ के लिए गोपनीय जगह ले जाया गया। इनसे सीबीआई अफसर लंबी पूछताछ करने में जुटे हैं। इस कार्रवाई की भनक स्थानीय स्तर पर किसी को लगने नहीं दी गई। शाम को जीएसटी अफसरों को कार्रवाई की भनक लग सकी है। उसके बाद से जीएसटी अफसरों ने भी अपने मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर लिए।
मंगलवार को ही टीम ने डाला डेरा
जानकारी के मुताबिक सीबीआई टीम ने मंगलवार को ही कार्रवाई के लिए झांसी में डेरा डाल दिया था। सीबीआई को मालूम चला था कि ट्रैप कार्रवाई रोकने की एवज में झांसी में सेंट्रल जीएसटी अफसर लंबे लेनदेन की फिराक में हैं। इसके बाद से यह अफसर सीबीआई के रडार पर थे।
अधिवक्ता नरेश गुप्ता के घर पर पहुंची सीबीआई टीम
- फोटो : संवाद
अलग-अलग स्थानों पर छापा
बुधवार सुबह सीबीआई की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर छापा मारा। सीपरी बाजार में नमो होम्स निवासी सेंट्रल जीएसटी डिप्टी कमिश्नर प्रभा भंडारी, सेवाराम मिल कंपाउंड निवासी अधीक्षक अनिल तिवारी, अजय कुमार शर्मा समेत आरएनएस वर्ल्ड स्कूल के पास रहने वाले जय दुर्गा हार्डवेयर के प्रोपराटर राजू मंगनानी एवं इलाहाबाद बैंक तिराहे के पास रहने वाले अधिवक्ता नरेश कुमार गुप्ता को टीम ने गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई टीम ने इनके पास 1.60 करोड़ रुपये बरामद किए हैं। सभी से पूछताछ की जा रही है।
कार्रवाई न करने के नाम पर घूस
सूत्रों का कहना है कि करीब आठ दिन पहले जय दुर्गा हार्डवेयर में सेंट्रल जीएसटी टीम ने छापा मारा था। उसके संबंध में ही 70 लाख रुपये घूस की मांग की गई थी।
गिरफ्तार किए गए आरोपी
प्रभा भंडारी (आईआरएस-सी एंड आईटी, 2016 बैच), उप आयुक्त, सीजीएसटी झांसी।
अनिल तिवारी, अधीक्षक, सीजीएसटी झांसी।
अजय कुमार शर्मा, अधीक्षक, सीजीएसटी झांसी।
राजू मंगतानी, मालिक, एम/एस जय दुर्गा हार्डवेयर।
नरेश कुमार गुप्ता, अधिवक्ता।