शराब ठेकेदार की गोली मारकर हत्या
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
महोबा के शराब ठेकेदार अजय पाल को अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, महोबा के अजनार थाना के धौरा गांव निवासी अजय पाल (40) मध्य प्रदेश के नौगांव में एक निजी शराब कंपनी का ठेकेदार है। शनिवार देर शाम बाइक से नौगांव से अपने गांव धौरा लौट रहा था। जैसे ही वह नौगांव से आगे पेट्रोल पंप की आगे बढ़ा पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने उसे घेर कर सीने में गोली मार दी।
गोली लगने से अजय वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़ा। बाइक सवार बदमाश वहां से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। अजय को पुलिस पहले नौगांव अस्पताल ले गई, जहां उसकी हालत नाजुक देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। शनिवार देर रात उसे मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बाइक सवार बदमाशों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।