बुंदेलखंड की बेरोजगारी मिटाने के लिए प्रदेश सरकार ने एक कदम बढ़ाया है। झांसी जिले में इंडस्ट्री हब बनाया जाएगा। इसके लिए पांच सौ एकड़ जमीन चिह्नित करने की जिम्मेदारी सभी एसडीएम को सौंपी गई है। चिह्नित जमीन पर सौ उद्योग लगाए जाएंगे।
नई औद्योगिक नीति के अंतर्गत बुंदेलखंड के झांसी जिले को इंडस्ट्री हब बनाया जाएगा। इसके लिए पांच सौ एकड़ जमीन पर औद्योगिक इकाइयां लगाई जाएंगी। प्रदेश सरकार ने नई औद्योगिक नीति के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा इंडस्ट्री लगाने के लिए उद्यमियों को अनुकूल माहौल देने का निर्णय लिया है। शासन ने झांसी जिले को फोकस करते हुए पांच सौ एकड़ जमीन चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं। जमीन चिह्नित करते समय यह देखा जाएगा कि वहां तक पहुंचने के लिए सर्विस रोड की सुविधा हो, बिजली की सुविधा हो व सड़कों की कनेक्टीविटी बेहतर हो। 500 एकड़ जमीन पर सौ औद्योगिक इकाइयां लगाई जाएंगी। इससे 15 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा।
मुंह चिढ़ा रहा मैन्युफैक्चरिंग जोन
पांच साल पहले नेशनल इंवेस्टमेंट एंड मैन्युफैक्चरिंग जोन के अंतर्गत पांच हजार हेक्टेयर जमीन एरच में चिह्नित की गई थी। तब लोगों को लगा था कि इससे नए-नए उद्योग लगेंगे और जिले का विकास होगा, लेकिन जमीन चिह्नीकरण के बाद कुछ नहीं हुआ। केंद्र सरकार की इस योजना का कोई अपडेट जिले के अफसरों के पास नहीं है।
जल्द तय होगी जमीन
पांच सौ एकड़ जमीन जल्दी चिह्नित की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम को जिम्मेदारी सौंप दी है। इंडस्ट्री लगने से हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। व्यापार बढ़ने से पैसे का आदान-प्रदान बढ़ेगा।
- सुधीर कुमार श्रीवास्तव
उपायुक्त, जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र