झांसी। मंडल के झांसी और ललितपुर जिलों में कोरोना का प्रसार और तेज हो गया है। दोनों जनपदों में शनिवार को 23 नए केस सामने आए हैं। तालबेहट में सिविल लाइन को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। यहां दो दिनों में ही आठ मामले मिले हैं।
महाराष्ट्र, केरल और मध्य प्रदेश में कोरोना ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। मध्य प्रदेश से सटा इलाका होने के चलते झांसी और ललितपुर में भी संक्रमण का प्रसार तेज हो गया है। शनिवार को झांसी में 2836 सैंपलों की जांच की गई, जिसमें से 15 पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इनमें से दो मरीज शिवाजी नगर, दो सीपरी बाजार, दो गांधीगंज मऊरानीपुर, प्रेमगंज, खातीबाबा, खुशीपुरा, भेल, बबीना से सामने आए हैं। जबकि, एक-एक मरीज आगरा और जालौन का रहने वाला है। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या बढ़कर 10542 पहुंच गई है। एक्टिव केस भी 60 हो गए हैं। रिकवरी रेट भी घटकर 97.78 प्रतिशत हो गया है।
वहीं, ललितपुर में शनिवार को 1467 नमूनों की जांच हुई। इसमें आठ संक्रमित मिले हैं। जिसमें एक तलैयापुरा की युवती, महरौनी का युवक शामिल है। जबकि, तालबेहट में सिविल लाइन इलाके से छह नए केस मिले हैं। यहां जांच का दायरा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। पूरे क्षेत्र में बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश दिए गए हैं। यहां दो दिन में आठ मरीज मिले हैं। इससे पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल है। ललितपुर में संक्रमितों का आंकड़ा 3504 पहुंच गया है। एक्टिव केस भी बढ़कर 17 हो गए हैं।