करीब दो साल लंबे इंतजार और उठा पटक के बाद आखिरकार शनिवार को जिला अधिवक्ता संघ चुनाव की दुंदभि बज उठी। शनिवार को भारी गहमागहमी के बीच ढोल नगाड़ों के साथ कुल 64 अधिवक्ताओं ने विभिन्न पदों के लिए नामांकन किया। अध्यक्ष पद के लिए चार एवं सचिव पद के लिए पांच उम्मीदवारों ने नामांकन किया। कचहरी परिसर में सुरक्षा के तगड़े इंतजाम थे। मामूली नोकझोंक को छोड़कर नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही। एल्डर्स कमेटी चेयरमैन प्रकाश नारायण द्विवेदी के मुताबिक सोमवार को नामांकन पत्रों की जांच होगी।
अंदर जाने को लेकर उम्मीदवार समर्थकों में नोकझोक, पुलिस ने किया बाहर
नामांकन आंरभ होने के कुछ घंटे बाद ही अध्यक्ष पद उम्मीदवार प्रमोद शिवहरे एवं राजेश श्रीवास्तव गुट आमने-सामने आ गया। नामांकन करके लौटते समय राजेश श्रीवास्तव कई समर्थकों के साथ अंदर जाने लगे। इनमें निवर्तमान अध्यक्ष चंद्रशेखर शुक्ला भी शामिल थे। यह देख प्रमोद शिवहरे ने विरोध जताना शुरू कर दिया। शोर-शराबा होने लगा। वहां तैनात पुलिस बल ने भी राजेश के साथ अंदर जाने की कोशिश करने वाले समर्थकों को रोक दिया। चंद्रशेखर शुक्ला को भी अंदर नहीं जाने दिया गया। इस वजह से हंगामा होने लगा। हालांकि पुलिस की सख्ती की वजह से सिर्फ उम्मीदवार के तौर पर राजेश एवं उनके प्रस्ताव ही अंदर जा सके। शेष समर्थकों को गेट से बाहर जाना पड़ा। कुछ देर बाद एक उम्मीदवार के साथ मौजूद अन्य समर्थकों ने भी अंदर जाने की कोशिश की लेकिन पुलिसकर्मियों ने उनको भीतर नहीं जाने दिया।
अधिवक्ताओं में खासा उत्साह, अध्यक्ष के चार दावेदार
एल्डर्स कमेटी की देखरेख में सुबह दस बजे से नामांकन प्रक्रिया आरंभ हुई। नामांकन के चलते कचहरी के रास्ते सील कर दिए गए थे। दो साल बाद हो रहे चुनाव को देखते हुए अधिवक्ताओं में भी खासा उत्साह दिखा। नामांकन स्थल तक उम्मीदवार के साथ सिर्फ प्रस्तावक को ही जाने की इजाजत थी। ढोल नगाड़ों एवं समर्थकों के जुलूस के साथ अध्यक्ष पद पर नामांकन के लिए सबसे पहले प्रमोद शिवहरे पहुंचे। उनके समर्थकों ने जमकर नारे लगाए। कुछ देर बाद समर्थकों के जुलूस के साथ अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करने राजेश श्रीवास्तव पहुंचे। इसके बाद ज्ञानेंद्र तिवारी ने भी समर्थकों के साथ पहुंचकर अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। आखिर में सुरेश अहिरवार ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया।
इन्होंने किया नामांकन
सचिव पद के लिए संदीप यादव, छोटे लाल वर्मा, सुरेंद्र कुमार शर्मा, अभय कुमार त्रिपाठी एवं महेश नारायण वर्मा ने भी समर्थकों के साथ पहुंचकर नामांकन किया। कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए यशोवर्धन बजाज, अनिल साहू एवं लक्ष्मी नारायण प्रजापति समेत चार उम्मीदवार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए आदित्य मोहन गुप्ता, अजय श्रीवास्तव, विनोद कुमार अहिरवार, अजय कुमार मिश्रा, अभिनंदन प्रजापति, अरविंद सक्सेना, रामलखन बिलगैंया, बालकृष्ण कुशवाहा समेत आठ ने नामांकन किया।
चेयरमैन प्रकाश नारायण द्विवेदी के मुताबिक संयुक्त सचिव प्रशासन के लिए सात, संयुक्त सचिव लाइब्रेरी के लिए चार, कोषाध्यक्ष के लिए आठ, वरिष्ठ सदस्य कार्यकारिणी के लिए बीस, कनिष्ठ सदस्य कार्यकारिणी के लिए नौ उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। नामांकन प्रक्रिया के दौरान एल्डर्स कमेटी सदस्य मदन मोहन श्रीवास्तव, जगदीश लिखधारी, प्रभात कुमार शर्मा, राकेश भटनागर, रवि कुमार माथुर समेत अन्य मौजूद रहे।
छावनी में तब्दील रहा कचहरी परिसर
अधिवक्ताओं के बीच चल रही गुटबाजी को देखते हुए सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए थे। पूरे कचहरी परिसर में कई थानों के पुलिस फोर्स के साथ पीएसी तैनात की गई थी। भारी फोर्स की तैनाती से कचहरी छावनी में तब्दील रहा। नामांकन स्थल की ओर किसी बाहरी व्यक्ति को जाने की इजाजत नहीं थी। सिर्फ उम्मीदवार एवं प्रस्तावों को अंदर जाने दिया गया। कचहरी में भी तगड़ी घेराबंदी की गई थी। इस वजह से बाहरी लोग प्रवेश नहीं कर सके। खुद एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने सुरक्षा का जायजा लिया। शाम चार बजे के बाद शांतिपूर्ण तरीके से नामांकन प्रक्रिया पूरी होने पर पुलिस अफसरों ने राहत की सांस ली।
दो साल बाद हो रहे चुनाव से अधिवक्ताओं में दिखा उत्साह
लंबे इंतजार के बाद हो रहे जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह दिखा। कई अधिवक्ता अपने केस निपटाने के बाद पूरे समय नामांकन कराने में जुटे रहे। युवा अधिवक्ताओं की चुनाव में खूब भागीदारी रही। महिला अधिवक्ता भी उत्साह के साथ शामिल हुईं। नामांकन के दौरान कचहरी परिसर हैंडबिल एवं पोस्टर से पटा रहा। चाय एवं अधिवक्ताओं के चैंबर में भी चुनाव की ही चर्चा चलती रही। दो साल बाद हो रहे चुनाव के बावजूद अभी कोई एक मुद्दा उभरकर सामने नहीं आया है। उधर, नामांकन दाखिल करने के बाद उम्मीदवार चैंबरों में जाकर समर्थन जुटाना शुरू कर दिया है।
नामांकन पत्रों की जांच कल
एल्डर्स कमेटी चेयरमैन प्रकाश नारायण द्विवेदी ने बताया कि 6 अक्तूबर को सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। इसके बाद, दोपहर तीन से पांच बजे तक प्रत्याशियों के नामांकन वापसी प्रक्रिया पूरी होगी। इसके बाद प्रत्याशियों के नाम की अंतिम सूची जारी होगी।