झांसी। महानगर के इलाइट- सीपरी मार्ग स्थित चंद्रशेखर तिराहे के पास रेलवे की लगभग आठ हजार वर्ग मीटर जमीन पर बिना मानचित्र स्वीकृत कराए चल रहे निर्माण कार्य को झांसी विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने रोक दिया है। नोटिस जारी किया गया है। इस जमीन का उपयोग व्यवसाय के लिए किया जाना है।
चंद्रशेखर आजाद तिराहा के पास (एसी रेलवे के बंगले से सटी) रेलवे की जमीन का अनुबंध रेलवे भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) ने घनाराम मल्टीप्लेक्स प्राइवेट लिमिटेड से किया है। आरएलडीए ने कंपनी को 78 हजार वर्ग फीट जमीन 45 साल के लिए लीज पर दी है। कंपनी द्वारा झांसी विकास प्राधिकरण से बिना मानचित्र स्वीकृत कराए ही निर्माण कार्य को शुरू कर दिया गया था। भूतल को भी खोद दिया गया है। निर्माण कार्य शुरू होते ही झांसी विकास प्राधिकरण द्वारा निर्माण कार्य को रोक कर निर्माण करा रही कंपनी को नोटिस जारी किया है।
इस संबंध में झांसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष सर्वेश कुमार दीक्षित ने बताया कि लगभग आठ हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल को व्यावसायिक रूप से इस्तेमाल करने के लिए निर्माण कार्य कराया जा रहा था। निर्माण कार्य को रोक कर नोटिस जारी किया गया है।