झांसी। जेडीए कर्मी बनकर भवन निर्माण जांचने पहुंचने वाले फर्जी कर्मचारियोें की शिकायतों पर कड़ा रुख अपनाते हुए जेडीए उपाध्यक्ष सर्वेश दीक्षित ने सभी फील्ड कर्मियों के लिए परिचय पत्र अनिवार्य कर दिया है। इस संबंध में शनिवार को उन्होंने आदेश भी जारी कर दिया।
जेडीए वीसी के मुताबिक कई जगहों से भवन निर्माताओं को डरा-धमकाकर उनसे अवैध वसूली की शिकायतें मिल रही थीं। जेडीए के चतुर्थ श्रेणी एवं आउटसोर्स कर्मचारियों की मिलीभगत की शिकायतें भी मिलीं। इसकी जांच कराई जा रही है। उपाध्यक्ष के मुताबिक अवैध निर्माणों की जांच-पड़ताल को प्रवर्तन दल बना है। प्रवर्तन दल के सदस्यों समेत सभी अवर अभियंताओं को परिचय पत्र दिया गया है। जेडीए से जो भवन निर्माण की जांच को जाएगा, उसे पहले अपना परिचय पत्र दिखाना होगा। इस संबंध में जेडीए ने मोबाइल नंबर 9450382928 जारी करते हुए फर्जीवाड़े की शिकायत दर्ज कराने की बात कही है।
एक अवर अभियंता पर गिरी गाज
मानचित्र स्वीकृति एवं शमन कार्य को सही ढंग से न करने के आरोप में अवर अभियंता (सिविल) सुखवीर सिंह पर आखिरकार उपाध्यक्ष की गाज गिर पड़ी। अवर अभियंता की लापरवाही से नाराज उपाध्यक्ष ने उनसे तत्काल प्रभाव से यह सभी कार्य वापस लेते हुए कार्यालय से संबंद्घ कर दिया है।