झांसी। तीन दिन से पानी न आने से गुस्साए अमान के बगीचा कॉलोनी में रहने वाले लोगों ने बृहस्पतिवार की शाम बड़ागांव गेट पर जाम लगा दिया। खबर लगने पर पहुंचे सदर विधायक ने टैंकर पहुंचाने का आश्वासन दिया, तब कहीं जाकर जाम खुल सका। जाम के कारण करीब डेढ़ घंटे तक सड़क से गुजारने वाले लोग परेशान रहे।
बड़ागांव गेट के ठीक बाहर पंप हाउस बना हुआ है। इस पंप हाउस पर ट्यूबवेल का बोर है, इससे अमान के बगीचा कॉलोनी, वर्मा कॉलोनी, मास्टर कॉलोनी, गोपाल की बगिया, बाहर का पुरा, शिव कॉलोनी व अन्नपूर्णा कॉलोनी के लोगों को पानी की सप्लाई दी जाती हैं। भीषण गर्मी के कारण ट्यूबवेल का जलस्तर गिर गया है, इस कारण पिछले तीन से अमान के बगीचा क्षेत्र में रहने वाले लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है हालांकि, इस समस्या से निजात दिलाने के लिए क्षेत्रीय पार्षद महेश कुशवाहा के प्रयास से जल निगम ने बगल में ही दूसरा बोर पिछले हफ्ते करा दिया है, मगर अभी उसपर पंप नहीं लग सका है।
अमान के बगीचे के लोग नए बोर में बृहस्पतिवार को ही पंप लगाने की मांग कर रहे थे। जब देर शाम तक पंप नहीं लगाया गया तो वे गुस्से में आ गए। स्थानीय लोगाें ने एकत्रित होने के बाद बड़ागांव गेट पर जाम लगा दिया। जाम की खबर लगने पर मौके पर पहुंचे स्थानीय पार्षद ने समझाने का प्रयास किया। पार्षद का कहना था कि शुक्रवार को बोर में पंप लग जाएगा, मगर लोगों पर उनकी बात का कोई असर नहीं पड़ा। एक घंटे के उपरांत सदर विधायक रवि शर्मा ने पहुंचकर आश्वासन दिया कि जब तक नए बोर से सप्लाई शुरू नहीं हो जाती हैं, तब तक संबंधित क्षेत्र में पानी का टैंकर पहुंचाया जाएगा। इसके बाद लोग वापस अपने घरों को लौट गए।
महिलाओं ने अधिशासी अभियंता को घेरा
झांसी। सीपरी बाजार क्षेत्र के कलसी का बगीचा मसीहा गंज में पिछले कई दिनों से पानी की सप्लाई न होने के कारण गुस्साई महिलाओं ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता का घेराव किया।
बृहस्पतिवार को जल संस्थान कार्यालय पहुंची कलसी के बगीचे में रहने वाली महिलाओं ने अधिशासी अभियंता आरएस यादव को बताया कि उनके में नल से पिछले कई दिनों से पानी नहीं आ रहा है। मुहल्ले में एक ही हैंडपंप लगा है, जिसपर हर समय भीड़ लगी रहती हैं। पूरा मुहल्ला एक-एक बूंद पानी को परेशान हो रहा है। महिलाओं ने शीघ्र पाइप लाइन से पानी पहुंचाने व मुहल्ले में दो और हैंडपंप लगाने की मांग की। इसपर अधिशासी अभियंता ने मुहल्ले में शीघ्र पानी पहुंचाने का आश्वासन दिया।