संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। इस बार गर्मियों में पेयजल संकट न हो। इसके लिए जल संस्थान ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। टैंकर संचालन के लिए वार्डवार सर्वे कराया जा रहा है। इसके बाद तय होगा कि किस वार्ड में कितने टैंकर प्रतिदिन चलाने हैं? अवर अभियंताओं को सर्वे की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
झांसी के 60 वार्डाें में लगभग 50 फीसदी वार्ड ऐसे हैं, इनमें जलसंस्थान की पाइपलाइन से गर्मियों में पर्याप्त पेयजल सप्लाई नहीं हो पाती है। गर्मियों में इन वार्डों में भूजल स्तर भी गिर जाता है। ऐसे में लोगों के पास एकमात्र सहारा टैंकर ही बचता है। जलसंस्थान द्वारा पेयजल संकट दूर करने के लिए टैंकरों का संचालन किया जाता है, लेकिन कई इलाकों में पर्याप्त टैंकर नहीं पहुंच पाते हैं।
अब विभाग वार्डवार सूची तैयार कर रहा है। जिससे जरूरत वाले क्षेत्रों में ज्यादा टैंकर भेजे जा सकें। अधिशासी अभियंता संजीव कुमार के मुताबिक अवर अभियंताओं को सर्वे की जिम्मेदारी सौंपी गई है। गर्मियों में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने की तैयारी की जा रही है।
-
इन क्षेत्रों में रहता है जलसंकट
महानगर के बड़ागांव गेट बाहर, सराय मोहल्ला, दरीगरान, भांडेरी गेट, सिजरिया कॉलोनी, अलीगोल, कसाई मंडी, ओरछा गेट, आईटीआई, प्रेमनगर, ताज कंपाउंड, मद्रासी कॉलोनी, सत्यम कॉलोनी, अन्नपूर्णा कॉलोनी, चार खंभा, बाहर उन्नाव गेट, ऋषिकुंज स्कूल के पास, मास्टर कॉलोनी आदि क्षेत्रों में गर्मियों में जल संकट रहता है।