झांसी। जल संस्थान की ओर से महानगर के 35 हजार लोगों को जल कर के बिल दिए गए थे। इनमें से चार हजार से ज्यादा लोग ऐसे सामने आए, जिनके यहां गलत बिल पहुंच गए। जानकारी होने पर बिलों में सुधार कर दिया गया है।
जल संस्थान द्वारा विभागीय राजस्व बढ़ाने की कोशिशें की जा रही हैं। इसी के तहत महानगर में 35 हजार घर ऐसे पाए गए थे, जिनके यहां नल का कनेक्शन नहीं है। लेकिन, वे किसी न किसी माध्यम से पानी का उपभोग कर रहे हैं। इन सभी को जल संस्थान की ओर से जल कर के बिल पहुंचाए गए थे। बिल मिलने के बाद इनमें से चार हजार से अधिक उपभोक्ताओं ने जल संस्थान में दस्तक दी। उन्होंने बिल गलत आने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर इन सभी के बिल दुरुस्त कर दिए गए हैं।
जल संस्थान के अधिशासी अभियंता आरएस बादलीवाल के मुताबिक एजेंसी द्वारा जो भी गलत बिल बनाए गए हैं, उनमें विभागीय अधिकारियों को संशोधन कराने के निर्देश दिए गए हैं। उपभोक्ता कार्यालय में आकर अपना बिल संशोधित करा सकते हैं।