बबीना। बबीना विकासखंड के ग्राम गुवावली की ग्राम प्रधान की रिक्त सीट पर हुए उप चुनाव में जेल में बंद अशोक पुरी ने जीत हासिल की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बृज पुरी को 189 वोटों के अंतर से हराया।
ग्राम गुवावली में हुए उप चुनाव में चार प्रत्याशी मैदान में थे। रविवार को बबीना ब्लॉक कार्यालय में वोटों की गिनती हुई, जिसमें अशोक पुरी ने 597 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी बृज पुरी को 408 मत हासिल हुए। जबकि, इस सीट पर किस्मत आजमा रहे अरविंद को 25 और चंदन यादव को सात मतों से संतोष करना पड़ा।
बता दें कि अशोक पुरी आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में जेल में बंद है। उसे बबीना थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया था। अशोक पुरी पर आरोप है कि उसने प्रत्याशी बृज पुरी के समर्थन में प्रचार कर रहे राजेश पुरी के साथ मारपीट की थी। इसके बाद राजेश पुरी ने जंगल में जाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने मृतक राजेश पुरी के भतीजे शिवम पुरी की तहरीर पर अशोक पुरी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया था। इसी मामले में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
निर्वाचन की घोषणा होने के बाद अशोक पुरी के बेटे अमित पुरी को प्रमाण पत्र सौंपा गया।