झांसी। केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राज्यमंत्री भानु प्रताप वर्मा ने कहा कि बुंदेलखंड में निवेश करने वालों को अनुकूल माहौल दिया जाएगा। उनके प्रोजेक्ट को विकसित करने में पूरा सहयोग किया जाएगा। सरकार की ओर से निवेशकों को निवेश के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। यह बात उन्होंने शनिवार को एमएसएमई पर आधारित कार्यशाला एवं औद्योगिक प्रदर्शनी में कही।
स्थानीय होटल में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड में सौर ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में अपार अवसर हैं। सोलर पैनल लगाकर यहां उपलब्ध जगह का सदुपयोग भी किया जा सकता है। विधायक रवि शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार बुंदेलखंड की तस्वीर बदलने का काम कर रही है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि निवेशकों के लिए क्षेत्र में पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं। यहां निवेश करने वालों का प्रशासन की ओर से पूरा सहयोग किया जाएगा। जेडीए उपाध्यक्ष आलोक यादव ने कहा कि प्राधिकरण की ओर से निवेशकों की भूमि संबंधी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। बुंदेलखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के महासचिव धीरज खुल्लर ने कहा कि बुंदेलखंड में औद्योगिक वातावरण सृजित होने से यहां के युवाओं को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना होगा।
इस दौरान एमएसएमई संस्थान के सहायक निदेशक एसके अग्निहोत्री, शिक्षक एमएलसी डा. बाबूलाल तिवारी आदि ने भी विचार प्रकट किए। द्वितीय सत्र में वेंडर पंजीकरण, आपूर्ति प्राप्त करने समेत एमएसएमई सेक्टर से जुड़ीं अन्य जानकारियां दी गईं। इस मौके पर हरिमोहन बंसल, अमित सिंह, अशोक आनंदानी, पवन सरावगी, विशुन सिंह यादव, आशीष सिंह, वीरेंद्र कुमार राय, सैफ खान, तारू नागौरी, बृजेश सिन्हा, शिवा लिखधारी, फिरोज चौधरी आदि मौजूद रहे। आभार एमएसएमई के सहायक निदेशक केपी शील ने जताया।