झांसी। स्टाइलिश स्पोर्ट्स बाइक के लिए अब युवा कंपनियों के मोहताज नहीं हैं। बल्कि, वह खुद अपने ढंग से अपनी पसंदीदा स्टाइल में बाइक को रूप दे रहे हैं। शहर की सड़कों पर तमाम बाइक फर्राटे भरती नजर आ जाती हैं। स्टाइलिश बाइक के प्रति युवाओं की दीवानगी सिर चढ़कर बोल रही है।
वैसे तो यशराज सिंह (छोटू) एक अनजाना सा नाम है, लेकिन वह इन दिनों अपनी बाइक की वजह से शहर के युवाओं के बीच खासे लोकप्रिय हो गए हैं। यशराज ने सत्ताइस साल पुरानी यामाहा की आरएक्स 100 को माउंटेन स्पोर्ट्स बाइक में बदलवा दिया है, जिसे लेकर वह शहर की सड़कों पर फर्राटे भरते नजर आते हैं।
उन्होंने पुरानी गाड़ी केवल आठ हजार रुपये में खरीदी थी, फिर आगरा में पच्चीस हजार रुपये खर्च कर उन्होंने इसे माउंटेन स्पोर्ट्स बाइक की शक्ल दे दी। हालांकि, घर वाले उन्हें नई बाइक दिलाना चाहते थे, परंतु उनकी जान तो बचपन से ही माउंटेन बाइक में बसती थी। पालीटेक्निक की पढ़ाई पूरी कर चुके यशराज कहते हैं कि वह जहां भी जाते हैं, लोग उनकी बाइक को जरूरत निहारते हैं।
बाइक उनकी सबसे अलग हटकर दिखती है। यही उन्हें अच्छा लगता है। यहां तक कि झांसी में चल रही फिल्म लवकांड की शूटिंग में भी उनकी बाइक का इस्तेमाल किया गया है।