झांसी। आईटीआई रेलवे क्रासिंग पर बनने वाले अंडरब्रिज का काम सत्तर फीसदी से अधिक पूरा हो गया है। अभी बारिश की वजह से काम बंद कर दिया गया है। अक्तूबर माह से काम फिर से शुरू किया जाएगा। नवंबर के आखिरी हफ्ते तक काम पूरा होने की उम्मीद है और फिर दिसंबर में आवागमन शुरू हो सकता है। इसके बाद शहर के लोगों को किसी हद तक ट्रैफिक जाम से आजादी मिल जाएगी।
ग्वालियर रोड से आईटीआई क्षेत्र को जोड़ने वाली सड़क से दिल्ली - भोपाल मेन रेलवे लाइन गुजरती है। इस दोहरी रेल लाइन पर दिन भर ट्रेनों की आवाजाही बनी रहती है, जिससे यह क्रासिंग चौबीस घंटों में लगभग बीस घंटे बंद बनी रहती है। इससे लोगों को आवागमन में भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। दिन भर लोग बंद क्रासिंग के नीचे से गुजरते नजर आते हैं। इससे दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
इस समस्या के समाधान के लिए रेलवे इस क्रासिंग पर अंडरब्रिज बनाया जा रहा है। इसका काम 2014 में शुरू हुआ था, जो मार्च 2016 तक पूरा होना था। लेकिन, अंडरब्रिज के लिए खोदे गए गड्ढे में पानी भर जाने की वजह से काम कई बार बाधित हुआ, जिससे अब तक सत्तर फीसदी काम ही हुआ है। अभी भी बारिश की वजह से काम बंद है। बारिश के बाद अक्तूबर माह से रेलवे की काम फिर से शुरू करने की तैयारी है। काम पूरा करने में दो माह का समय लगेगा। रेलवे लाइन के नीचे का कंक्रीट का ढांचा तैयार कर लिया गया है। इसे अंडरब्रिज में फंसाया जाना बाकी है। यह काम रोजाना दो घंटे किया जाएगा। इसके लिए रेल लाइन पर आवागमन में बाधित रखा जाएगा।
‘बारिश की वजह से अभी अंडरब्रिज का काम बंद है। अक्तूबर माह से इसे एक बार फिर से तेजी से शुरू किया जाएगा। इसके लिए रेलवे लाइन पर ब्लाक लेकर काम होगा।’
- गिरीश कंचन, पीआरओ - रेलवे