चित्रा चौराहे, आईटीआई, सर्किट हाउस क्षेत्र में पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त हुईं विद्युत लाइनें, करीब चार घंटे ठप रही आधे शहर की बिजली
सुधार के लिए दौड़ती रहीं अभियंताओं की टीम, शाम तक अधिकतर क्षेत्रों की आपूर्ति की जा चुकी थी बहाल, शेष क्षेत्रों में जारी था कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। सुबह से दोपहर 2 बजे तक चिलचिलाती धूप और गर्मी से लोग परेशान रहे। लगातार तीसरे दिन बादल घिरे और मौसम बदला। दोपहर 2 बजे के बाद तेज आंधी से राहत तो मिली लेकिन कई जगहों पर पेड़ गिरने से विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। इससे कई इलाकों की बिजली गुल हो गई। उपभोक्ताओं को 3 से 4 घंटे बगैर बिजली के परेशान होना पड़ा। अभियंताओं की टीम सुधार कार्य के लिए दौड़ती रही। शाम तक अधिकतर क्षेत्रों की आपूर्ति सुचारू कर दी गई थी। कुछ क्षेत्रों में दिक्कत थी, वहां सुधार कार्य जारी रहा।
सोमवार की दोपहर 2 बजे आंधी चलने से 132 केवी हंसारी से लाइन बंद कर दी गई। 20 मिनट की आंधी के बाद जब थमी तो शहर में कई जगहों पर दिक्कतें सामने आईं। सीपरी बाजार क्षेत्र में चित्रा चौराहे पर लाइन पर पेड़ गिरने से आसपास क्षेत्र की आपूर्ति बाधित हो गई। मौके पर पहुंची बिजली टीम ने क्षतिग्रस्त लाइन को सुधारने का कार्य किया। यहां करीब 3 घंटे बिजली गुल रही। आईटीआई क्षेत्र में भी पेड़ गिरने से लाइन क्षतिग्रस्त होने से यहां भी 3 घंटे आपूर्ति ठप रही। उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसके अलावा, सर्किट हाउस और नंदनपुरा क्षेत्र में भी अलग-अलग पेड़ गिरने से बिजली व्यवस्था धराशायी हो गई। ऐसे में आधे शहर की बिजली आंधी ने उड़ा दी। अधीक्षण अभियंता नगर चंद्रजीत प्रसाद ने बताया कि आंधी से चलते शहर में कई जगह बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्रों में सुधार कार्य कर आपूर्ति सुचारू करा दी है। कुछ स्थानों पर सुधार कार्य चल रहा है।