झांसी। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर छह पर शुक्रवार की सुबह 11 बजे शंटिंग के दौरान आइसोलेशन ट्रेन का एक कोच पटरी से उतरा गया। सूचना पर दुर्घटना राहत गाड़ी मौके पर पहुंच गई। एक घंटे की मशक्कत के बाद कोच को पटरी पर रखा गया। हालांकि इस दौरान रेल यातायात बाधित नहीं हो सका।
रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर छह पर कोरोना संक्रमित मरीजों को भर्ती करने के लिए ट्रेन में आइसोलेशन कोच बनाए गए थे। यह ट्रेन पिछले तीन महीने से यहां पर खड़ी है। जिला प्रशासन की मांग पर इस ट्रेन का उपयोग होना है। शुक्रवार की सुबह 11 बजे शंटिंग कर इस ट्रेन को एक स्थान से दूसरे स्थान पर रखा जा रहा था। इसी बीच आरआरआई सिस्टम के सामने ट्रेन का एक कोच पटरी से उतर गया। सूचना पर दुर्घटना राहत गाड़ी मौके पर पहुंच गई। स्टेशन डायरेक्टर आरआर राजपूत समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कोच को पटरी पर रख दिया गया। सुपरवाइजरों की टीम ने ज्वाइंट नोट तैयार किया। जांच में दुर्घटना का कारण पटरियों के प्वाइंट ठीक से सेट न होना पाया गया है। इस मामले में शंटिंग मास्टर मोहम्मद शाहिद को निलंबित कर दिया गया है।