झांसी। सीआईएससीई की 10वीं की परीक्षा में 99 फीसदी अंकों से पास होने वाले वैभव गुप्ता का लक्ष्य अब आईआईटी से बायोटेक्नोलॉजी ब्रांच से बीटेक करने का है। बताया कि वह इंटरनेट का इस्तेमाल पढ़ाई के लिए करते थे। अर्द्धवार्षिक परीक्षा के बाद पढ़ाई पर फोकस बढ़ा लिया था। पंचवटी के रहने वाले वैभव के पिता मनोज गुप्ता बेसिक शिक्षा विभाग में बाबू और मां नीता गुप्ता गृहिणी हैं। बड़ी बहन आस्था गुप्ता शाहजहांपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं।
परीक्षा परिणाम जारी होने से पहले ही इस महीने वैभव ने कोटा में इंजीनियरिंग की तैयारी के लिए कोचिंग ज्वाइन कर ली है। कोटा के ही किसी स्कूल से 12वीं की पढ़ाई करेंगे। वैभव ने बताया कि वह स्कूल, कोचिंग के अलावा रात में घर पर दो से तीन घंटे पढ़ाई करते थे। माता-पिता कहते थे कि मेहनत करो। परिणाम की चिंता मन करो। इससे उन पर दबाव कम हो गया था। हालांकि, पहली बार बोर्ड की परीक्षा देने जा रहे थे। ऐसे में डर भी काफी लगता था, लेकिन जब पहले दिन परीक्षा दी तो स्कूल में प्री-बोर्ड जैसा ही अहसास हुआ। फिर डर पूरी तरह दूर हो गया। बोर्ड परीक्षा से पहले पर्याप्त नींद लेते थे। कहा कि अपनी हॉबी कभी न छोड़ें।