झांसी। जिला महिला अस्पताल के साथिया क्लीनिक पर बेहतर किशोरी स्वास्थ्य पर चर्चाओं का कार्यक्रम हुआ। आरबीएसके के डीईआईसी मैनेजर डॉ. रामबाबू ने किशोरियों में होने वाली खून की समस्या के बारे में बताया और उन्हें आयरन सप्लीमेंट खाने के लिए प्रोत्साहित किया।
साथिया क्लीनिक पर काउंसलर हेमलता ने बताया कि माहवार थीम के अनुसार किशोरी जागरूकता के लिए कार्यक्रम चलाया जा रहा है। जनवरी का विषय किशोरावस्था के शारीरिक बदलाव रखा गया है। इसके अंतर्गत किशोरियों में होने वाले शारीरिक, भावनात्मक और सामाजिक परिवर्तन के बारे में किशोरियों को जागरूक किया जा रहा है। क्लीनिक पर हुए कार्यक्रम में किशोरियों की समस्याओं को सुना गया और उनकी भावनात्मक समस्याओं पर चर्चा हुई। इस दौरान सीफार संस्थान के जरिए सांप-सीढ़ी खेल के माध्यम से कोविड-19 के प्रति जागरूक किया गया। सीएमएस डॉ. शाहिदा परवीन, डॉ. सविता दुबे, स्वप्निल मोदी, ऊषा सिंह, कल्पना सचान, सोनम राठौर मौजूद रहीं।