झांसी। दिवाली पर कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक सामान और उपहारों की ऑनलाइन खरीदारी के बीच साइबर जालसाज भी सक्रिय हो गए हैं। सोशल मीडिया पर फर्जी शॉपिंग वेबसाइट और नामी कंपनियों के नकली एप के जरिये ब्रांडेड सामान पर 70 से 90 फीसदी तक छूट का लालच देकर लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है।
नामी कंपनियों के लोगो और डिजाइन की नकल कर तैयार किए गए इन वेबसाइट और एप पर ग्राहक सस्ता सामान देखकर ऑर्डर कर देते हैं। इसके बाद डिलीवरी कन्फर्मेशन, ओटीपी, वेरिफिकेशन और रिफंड के नाम पर अलग-अलग तरीके से रकम ऐंठी जाती है। साइबर पुलिस के सामने ऐसे मामले लगातार पहुंच रहे हैं।
समय के साथ साइबर ठग अपने तरीके भी बदल रहे हैं। अब केवल लिंक भेजकर बैंक खाते की जानकारी मांगने के बजाय वे नामी कंपनियों के लोगो, रंग और डिजाइन की नकल कर फर्जी शॉपिंग एप तैयार कर रहे हैं। इन पर असली वेबसाइट और एप की तरह उत्पाद, कीमतें और ग्राहक समीक्षा दिखाई जाती हैं। ग्राहक को सस्ता सामान दिखाकर ऑर्डर बुक कराया जाता है। इसके बाद डिलीवरी या भुगतान सत्यापन के नाम पर ओटीपी मांगा जाता है। कहीं रिफंड के बहाने तो कहीं अतिरिक्त शुल्क जमा कराने के नाम पर रकम निकलवा ली जाती है। कुछ मामलों में एपीके फाइल डाउनलोड कराकर मोबाइल में सेंध लगाने की कोशिश भी होती है। फ्लिपकार्ट और मीशो जैसी कंपनियों के नाम से मिलते-जुलते फर्जी एप भी इस्तेमाल किए जा रहे हैं।
साइबर थाना प्रभारी सत्येंद्र यादव का कहना है कि त्योहारों के सीजन में जालसाज नए-नए तरीकों से लोगों को ठगने की कोशिश करते हैं। ऑनलाइन खरीदारी करते समय वेबसाइट और एप की सत्यता जांचना जरूरी है। किसी अनजान लिंक या फाइल पर भरोसा नहीं करना चाहिए।
केस-1 : 3999 रुपये में आईफोन का लालच, फर्जी एप से लगाई चपत
सीपरी बाजार निवासी राजेश जैन के मुताबिक, कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर आईफोन प्रो मैक्स का विज्ञापन दिखाई दिया। इसमें फोन की कीमत महज 3999 रुपये बताई गई थी। विज्ञापन फ्लिपकार्ट के नाम से था और यह लिंक उन्हें एक परिचित के माध्यम से मिला था। भरोसा करके उन्होंने भुगतान कर दिया। बाद में पता चला कि यह असली फ्लिपकार्ट नहीं, बल्कि उसके नाम और डिजाइन की नकल करके बनाया गया फर्जी एप था। इसके जरिये उनके साथ ठगी की गई।
केस-2 : 599 रुपये की कुर्ती के ऑर्डर पर गंवाए अतिरिक्त रुपये
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की छात्रा दीपाली कुशवाहा ने बताया कि सोशल मीडिया पर विज्ञापन देखकर उन्होंने पिछले सप्ताह 599 रुपये की कुर्ती का ऑर्डर किया था। कुछ समय बाद पार्सल डिलीवरी के नाम पर फोन आया और उनसे कोड मांगा गया। इसके बाद अलग-अलग बहानों से 1150, 2000, 2650 और 650 रुपये अतिरिक्त जमा करा लिए गए। रकम गंवाने के बाद न तो कुर्ती मिली और न ही रुपये वापस हुए।
केस-3 : तीन कुर्ता-पायजामा सेट के लिए दिए 3800 रुपये, सामान नहीं मिला
सदर बाजार निवासी सचिन साहू ने बताया कि उन्होंने ब्रांडेड कपड़ों के नाम से बने एक एप पर दीपावली के लिए तीन कुर्ता-पायजामा सेट पसंद किए थे। एक घंटे के भीतर बुकिंग करने पर विशेष छूट देने का लालच दिया गया। भरोसा करके उन्होंने 3800 रुपये का भुगतान कर दिया, लेकिन रकम देने के बाद भी सामान की डिलीवरी नहीं हुई।
ऐसे बिछाते हैं ठगी का जाल
साइबर विशेषज्ञ डॉ. राजीव त्रिपाठी के मुताबिक, त्योहारों के दौरान साइबर जालसाज खरीदारी की बढ़ती मांग का फायदा उठाते हैं। इसके लिए वे कई तरीके अपनाते हैं।
फर्जी वेबसाइट तैयार करना : असली कंपनी के लोगो, रंग और डिजाइन की नकल करके मिलते-जुलते नाम वाला यूआरएल बनाया जाता है। सोशल मीडिया पर विज्ञापन देकर ग्राहकों को इस वेबसाइट तक पहुंचाया जाता है।
क्लोन एप का इस्तेमाल : असली शॉपिंग एप जैसा दिखने वाला एप तैयार किया जाता है। इसमें सस्ते उत्पाद, नकली रिव्यू और भारी छूट दिखाई जाती है, ताकि ग्राहक इसे असली समझकर खरीदारी कर लें।
भुगतान के लिए दबाव : एप पर पहले कैश ऑन डिलीवरी का विकल्प दिखाया जाता है, लेकिन ऑर्डर पूरा करते समय यूपीआई भुगतान के लिए कहा जाता है। रकम किसी व्यक्तिगत खाते में भी मंगाई जा सकती है।
डिलीवरी और ओटीपी का बहाना : सामान बुक करने के बाद फोन करके ऑर्डर की पुष्टि या डिलीवरी के नाम पर ओटीपी मांगा जाता है। इसके अलावा अतिरिक्त शुल्क जमा कराने के बहाने भी रकम ऐंठी जाती है।
रिफंड और कैशबैक का झांसा : कैशबैक, गिफ्ट या रिफंड दिलाने के नाम पर क्यूआर कोड स्कैन कराया जाता है। जबकि यूपीआई पिन डालने का मतलब खाते से भुगतान करना है, पैसा प्राप्त करना नहीं।
ठगी से बचने के लिए ये सावधानियां जरूरी
80 से 90 फीसदी छूट या बाजार मूल्य से बहुत कम कीमत दिखे तो पहले उसकी सत्यता जांचें।
केवल लोगो देखकर भरोसा न करें। वेबसाइट के यूआरएल में नाम की स्पेलिंग और डोमेन ध्यान से देखें।
कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या एप स्टोर से ही एप डाउनलोड करें।
ऑर्डर, बिल, डिलीवरी या रिफंड के नाम पर भेजी गई अनजान फाइल इंस्टॉल न करें।
रिफंड के नाम पर किसी को स्क्रीन शेयरिंग की अनुमति न दें। अनजान व्यक्ति के कहने पर रिमोट एक्सेस एप डाउनलोड न करें।
ओटीपी, यूपीआई पिन और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
ठगी होने पर ये सबूत रखें सुरक्षित
साइबर विशेषज्ञों के मुताबिक, ऑनलाइन ठगी का शिकार होने पर शिकायत दर्ज कराते समय कुछ साक्ष्य उपयोगी साबित हो सकते हैं। इसलिए इन्हें सुरक्षित रखें।
भुगतान की रसीद और बैंक ट्रांजेक्शन आईडी।
ठगी में इस्तेमाल मोबाइल नंबर और वेबसाइट का लिंक।
व्हाट्सएप चैट, सोशल मीडिया विज्ञापन और स्क्रीनशॉट।
फर्जी एप या वेबसाइट से जुड़े संदेश और ऑर्डर की जानकारी।
ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।