झांसी। विधिक माप विज्ञान विभाग ने पिछले दो महीने में 186 व्यापारियों का चालान किया है। इनमें से अधिकांश मामले व्यापारियों द्वारा तौल उपकरण का मूल्यांकन नहीं कराने के हैं। साथ ही कई व्यापारी सत्यापन प्रमाणपत्र भी नहीं दिखा सके।
हर व्यापारी को साल में एक बार तौल उपकरण का मूल्यांकन कराना होता है। विधिक माप विज्ञान विभाग की टीम निरीक्षण कर इसकी जांच करती है। विभाग के सहायक नियंत्रक गुलाब सिंह ने बताया कि अप्रैल और मई में 2861 दुकानों का टीम ने निरीक्षण किया। इसमें सभी तरह के प्रतिष्ठान शामिल रहे। तौल उपकरण अमूल्यांकित होने, सत्यापन प्रमाणपत्र न दिखा पाने, सीलबंद वस्तु पर नियमानुसार घोषणाएं अंकित न होने अथवा घटतौली मिलने पर 186 दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। अधिकांश मामले कांटे के मूल्यांकित व प्रमाणपत्र न दिखा पाने के हैं। इन दुकानदारों से 1.80 लाख रुपये शमन शुल्क भी वसूला गया है।