जीबीसी 5.0 के लिए शासन ने दिया था 16 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव जुटाने का लक्ष्य, 30 हजार करोड़ के करार हुए
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी) 5.0 के लिए शासन की ओर से झांसी को 16 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव जुटाने का लक्ष्य दिया गया था। इसके मुकाबले जिले में करीब 30 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आ चुके हैं और इनके लिए एमओयू भी हो चुके हैं। इनमें से 3500 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम भी शुरू हो चुका है। जीबीसी 5.0 की तैयारियों के मद्देनजर शासन ने झांसी समेत सभी जिलों से लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति रिपोर्ट तलब की है।
प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य के तहत जीबीसी 5.0 में करीब 7.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने की तैयारी है। प्रदेश सरकार की ओर से लखनऊ में इसका आयोजन नवंबर के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित है। अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक कुमार ने डीएम को पत्र भेजकर जिलेवार निवेश लक्ष्य और अब तक हुई प्रगति का ब्योरा मांगा है। इसमें झांसी के लिए 16 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव जुटाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। जिला उद्योग विभाग के अनुसार, इसके मुकाबले करीब 30 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर एमओयू हो चुके हैं। इनमें से 3500 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम शुरू हो चुका है।
ग्रुप हाउसिंग से औद्योगिक इकाइयों तक के प्रस्ताव
जीबीसी 5.0 के लिए झांसी-कानपुर हाईवे पर करीब 1250 करोड़ रुपये की ग्रुप हाउसिंग परियोजना का प्रस्ताव आया है। इसके अलावा जिले में औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने के लिए भी निवेश प्रस्ताव मिले हैं। जिला उद्योग विभाग के मुताबिक, आरी में निजी विश्वविद्यालय, सोलर प्लांट और चावल मिल की स्थापना के प्रस्ताव भी शामिल हैं।
बीडा और डिफेंस कॉरिडोर से बढ़ेंगी संभावनाएं
झांसी में बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) और डिफेंस कॉरिडोर के विकास से निवेश की संभावनाएं बढ़ी हैं। डिफेंस कॉरिडोर में भारत डायनामिक्स लिमिटेड की इकाई जल्द शुरू होने की उम्मीद है। वहीं, बीडा की शुरुआत डगरवारा, राजापुर और बमेर में 2320 एकड़ में विकसित होने वाले एक्टिवेशन एरिया से प्रस्तावित है। इन दोनों परियोजनाओं के आगे बढ़ने से जिले में औद्योगिक निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
वर्जन
जितना लक्ष्य मिला है, उससे अधिक के निवेश प्रस्ताव झांसी में आ चुके हैं, जो कि पोर्टल पर भी उपलब्ध हैं। इसके अलावा 3500 करोड़ रुपये के प्रस्ताव जीबीसी 5.0 के लिए तैयार हैं। अब एमओयू निगरानी फॉर्मूले में बदलाव के लिए इन्वेस्ट यूपी को पत्र लिखा गया है, ताकि एमओयू प्रतिशत जीबीसी के लिए तैयार निवेश की जगह प्राप्त निवेश प्रस्ताव के आधार पर तैयार हो सके।
-मनीष चौधरी, उपायुक्त उद्योग।