झांसी। दतिया गेट फिल्टर के पास पीतांबरा कॉलोनी के सामने टीले को काटकर समलत किया जा रहा था। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होते ही खनन विभाग ने मौके पर पहुंच कर जांच की व वसूली की कार्रवाई की बात कही। वहीं, झांसी विकास प्राधिकरण द्वारा सचिव की अगुवाई में जांच कराई जाएगी।
झांसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष सर्वेश कुमार दीक्षित ने बताया कि जेडीए द्वारा पीतांबरा कॉलोनी में भूखंडों को आवंटित कर कॉलोनी को विकसित किया गया है। वहीं टीले से सटाकर स्कूल के लिए जमीन का आवंटन किया गया था। मौके पर जाकर जांच की गई है। टीले को बिना अनुमति के काटा जा रहा है। पूरे प्रकरण की जांच के लिए जेडीए सचिव को नियुक्त किया गया है। जांच की अवधि तीन दिन तय की गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।