किसान दिवस की बैठक में न आने पर जिलाधिकारी ने की कार्रवाई, कहा, केवल औपचारिकता न समझें
उपसंभागीय कृषि प्रसार अधिकारी कार्यालय परिसर में पेड़ कटवाने की शिकायत पर जांच के आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। किसान दिवस की बैठक में न आने पर जिलाधिकारी ने जिला कृषि अधिकारी का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने के निर्देश दिए। वहीं, बिल्डर्स को लाभ पहुंचाने के लिए मऊरानीपुर के उप-संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी कार्यालय परिसर में पेड़ कटवाने के मामले में डीडी कृषि को तत्काल टीम गठित करके जांच के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट लहजे में कहा कि किसान दिवस को सिर्फ औपचारिकता न समझें। किसानों की समस्याओं का हर हाल में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
विकास भवन सभागार में बृहस्पतिवार को हुई किसान दिवस बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने की। गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समय से निराकरण किया जाए ताकि वह खेती-किसानी और बेहतर ढंग से करें। किसानों की शिकायत पर कृषि रक्षा रसायन-उर्वरक की दुकानों पर छापा मारने के निर्देश दिए। डीडी कृषि ने आश्वस्त किया कि खरीफ के मौसम में उर्वरक की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। जल जीवन मिशन योजना में क्षतिग्रस्त सड़क को ठीक करवाया जाए। किसान नेता गौरीशंकर बिदुआ ने बताया कि उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी मऊरानीपुर कार्यालय प्रांगण में लगे सालों पुराने पेड़ों को कटवा दिया गया है। विभागीय भूमि पर अतिक्रमण कराते हुए बिल्डर्स को लाभ पहुंचाया है। इस पर तत्काल डीडी कृषि को कमेटी गठित कर जांच के आदेश दिए।
किसान नेता महेंद्र शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में तीन-चार माह से ट्रांसफॉर्मर खराब हैं, जिस पर जल्द बदलने के आदेश दिए। किसान नेता कमलेश लम्बदार ने कहा कि जिले में मटर की फसल का उत्पादन अधिक है। मंडी में बेचने पर किसान को नुकसान होता है। इसलिए मटर को एमएसपी पर खरीदा जाए। जगत पाल मिश्रा खजराहा निवासी टहरौली ने कहा कि विजना, खजराहा, नोटा, मौजा नाले के चैकडैम के गेट बंद किए जाएं तो करीब 200 एकड़ भूमि पर सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो जाएगा।
अधिशासी अभियंता बेतवा उमेश कुमार ने नहरों के संचालन की जानकारी दी। डीएम ने 20 जुलाई को आयोजित वन महोत्सव की जानकारी दी। बताया कि किसान सम्मान निधि के लाभार्थी एवं अन्य किसान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अवश्य लगाएं। इस दौरान सीडीओ जुनैद अहमद, उप कृषि निदेशक एमपी सिंह, एलडीएम अजय शर्मा, डीडीएम नाबार्ड भूपेश पाल, अधिशासी अभियंता बेतवा उमेश कुमार, दीपक कुशवाहा आदि रहे।