झांसी। नया गांव में पार्षद के पिता को गोली मारकर बदमाश रक्सा-ललितपुर हाइवे की तरफ भाग गए थे। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने ललितपुर रक्सा हाइवे पर पुलिस को अलर्ट कर दिया। कई थानों की पुलिस हत्यारों की तलाश में जुटी रही। मौके से पुलिस को खाली कारतूस भी मिला है। देर रात पुलिस परिजनों से घटना की जानकारी जुटाती रही।
पार्षद पुष्पेंद्र यादव के पिता आजाद सिंह यादव का नयागांव में करीब आठ एकड़ खेत है। वह कुछ दिनों से रोज खेत में पानी लगाने जाते थे। यह बात हत्यारे अच्छी तरह से जानते थे। शनिवार को भी हत्यारों ने उनके खेत से लौटने की जानकारी जुटा रखी थी। पुल के नीचे जहां वारदात हुई थी वह वह रक्सा-ललितपुर हाइवे पर है। शाम को खेत से लौटते समय जैसे ही बाइक धीमी हुई। बदमाश तमंचे से सीने में गोली मारने के बाद हाइवे की तरफ होते हुए भाग निकले। आसपास खेत पर काम कर रहे कुछ लोगों ने बदमाशों को भागते देखा। खबर मिलते ही रक्सा, बिजौली चौकी व बबीना थाने की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया था। पुलिस भी हाइवे पर सक्रिय होकर बाइक सवार बदमाशों की तलाश में जुट गई थी, लेकिन देर रात हत्यारों का कुछ पता नहीं चल सका। इस घटना में रंजिश की भी बात सामने आ रही है। रंजिश किससे थी, इसकी पुलिस पड़ताल कर रही है।
भाई उत्तम का भी हुआ था मर्डर
मृतक आजाद के भाई उत्तम का भी मर्डर हो चुका है। साल 2013 में बच्चों के विवाद में गोली मारकर हत्या कर दी थी। वहीं, छोटे भाई अरविंद का दो साल पहले कैंसर से निधन हो चुका है।
पत्नी लड़ चुकी हैं जिला पंचायत का चुनाव
मृतक के छोटे भाई रंजीत के मुताबिक मृतक आजाद की पत्नी मुन्नी देवी जिला पंचायत सदस्य का भी चुनाव लड़ चुकी हैं। सात भाईयों में आजाद सबसे बड़े थे। वह अपने सभी भाईयों का खूब ख्याल रखते थे। मृतक के दो पुत्र हैं। छोटा पुत्र पुष्पेंद्र पार्षद और बड़ा भाई संजय खेती का काम देखते हैं। घटना के बाद से घर में कोहराम मचा हुआ है। पार्षद के साथी भी घर पर जमा रहे।