झांसी। उपभोक्ताओं को अब बिजली जाने का कारण और बिजली आने का समय मैसेज के जरिये प्राप्त हो सकेगा। इसमें शिकायत पर हुई कार्रवाई, बिल जमा आदि की भी जानकारी मिल सकेगी। इन जानकारियों को फीड करने का काम अवर अभियंता का रहेगा। इसकी शुरूआत सूती मिल सब स्टेशन से कर दी गई है।
विद्युत विभाग ने महानगर के उपभोक्ताओं के लिए एसएमएस कर मैसेज भेजने की सुविधा शुरू कर दी है। इसकी शुरूआत सूती मिल सब स्टेशन से जुड़े उपभोक्ताओं से की गई है। यहां तैनात अवर अभियंता सुनील कुमार फाल्ट का अपडेट उपभोक्ताओं को मैसेज कर दे रहे हैं। जल्द ही अन्य सब स्टेशनों पर भी यह सुविधा शुरू हो जाएगी।
हालांकि, इसका लाभ उठाने के लिए उपभोक्ता को आनलाइन या भुगतान केंद्र, सब स्टेशन अथवा मीटर रीडर के पास अपना मोबाइल नंबर पंजीकृत कराना जरूरी है।
अधिशासी अभियंता (द्वितीय) पंकज अग्रवाल ने बताया कि अन्य सब स्टेशनों के अवर अभियंताओं को भी निर्देशित कर दिया गया है कि वह अपने मोबाइल में सूचना देने के प्रोग्राम को फीड कर उपभोक्ताओं को जानकारी देना शुरू कर दें।
अन्य जानकारी के लिए केवाईसी फार्म जरूरी
विद्युत विभाग में मोबाइल पंजीयन कराने पर उपभोक्ता को केवल फाल्ट से संबंधित व बिल जमा होने की जानकारी ही मिल सकती है। अगर, उपभोक्ता एसएमएस के जरिए बिल बनने, बिल जमा होने, विद्युत आपूर्ति में व्यवधान, फाल्ट की शिकायत पर कार्रवाई की स्थिति व बकाये पर विद्युत विच्छेदन की जानकारी हासिल करना चाहते हैं तो उन्हें मोबाइल के प्ले स्टोर में जाकर ‘यूपीपीसीएल 24 गुणे 60’ प्रोग्राम को डाउन लोड करना होगा।
प्रोग्राम डाउन लोड होने पर उसमें एक केवाईसी फार्म सामने आएगा, जिसमें मांगी गई जानकारियां भरने पर उपभोक्ता संबंधित प्रोग्राम से जुड़ जाएगा। इसके बाद उसे मैसेज के जरिये सभी जानकारियां मिलने लगेंगी।
साठ हजार मोबाइल नंबर फीड
महानगर में पंचानवे हजार विद्युत उपभोक्ता हैं। इनमें विद्युत वितरण खंड प्रथम में पैंतालीस हजार व द्वितीय खंड में पचास हजार उपभोक्ता हैं। इनमें साठ हजार उपभोक्ता अपने मोबाइल नंबर विभाग में दर्ज करा चुके हैं।