झांसी। जिले में सरकारी राशन ले रहे अपात्रों की एक बार फिर से जांच शुरू हो गई है। प्रदेश सरकार के निर्देश के बाद पूर्ति विभाग की टीमें सत्यापन में लगी हुई हैं। इस दौरान जिले भर के साढ़े तीन लाख कार्डधारकों के घर-घर जाकर टीमें पूरा विवरण जुटा रही हैं। सत्यापन में अपात्र पाए जाने वाले कार्डधारकों का राशन बंद करने के साथ रिकवरी की जाएगी।
जिले में 386631 कार्डधारक हैं। जिसमें 340805 पात्र गृहस्थी और 45826 अंत्योदय कार्डधारक हैं। जिले में कोरोना काल में प्रशासन ने राशन कार्डधारकों का सत्यापन कराया था। जिसमें करीब दो हजार कार्डधारक अपात्र पाए गए थे। इनमें अधिकांश ऐसे थे, जो कि सरकारी नौकरी मेें थे या फिर कार, ट्रैक्टर और आलीशान मकान था। पूर्ति विभाग ने अपात्रों का राशन बंद कर दिया था। अब शासन ने कार्डधारकों का पुन: सत्यापन के निर्देश दिए हैं। इसे लेकर पूर्ति विभाग ने कार्डधारकों का सत्यापन शुरू करा दिया है। जिला पूर्ति अधिकारी तीर्थराज यादव ने बताया कि समय-समय पर राशन कार्डधारकों का सत्यापन कराया जाता है। शासन के निर्देशों के अनुरूप सत्यापन का काम चल रहा है।