झांसी। भारतीय जेसीज के राष्ट्रीय अध्यक्ष जी सुब्रमण्यन ने कहा कि जेसीज के सौ वर्ष पूर्ण होने पर समूचे देश में महिलाओं-बालिकाओं के लिए शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। भारतीय जेसीज द्वारा लक्ष्य तय कर लिया गया है।
जेसीआई रानी लक्ष्मीबाई जेसीज, जेसीआई झांसी उड़ान, जेसीआई झांसी क्लासिक, जेसीआई झांसी ग्रेटर, जेसीआई झांसी वीरांगना की संयुक्त सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जेसीज संगठनों के 62 हजार सदस्य हैं। केंद्र सरकार की शौचालय बनाने की योजना के तहत जेसीज द्वारा प्रदेश में 300 महिला शौचालय बनाए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत झांसी के सभी अध्यायों द्वारा 28 शौचालयों का लोकार्पण कराने पर सभी जेसीज सदस्य बधाई के हकदार हैं। इस मौके पर बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर वाहवाही बटोरी। वहीं सभी अध्यायों के अध्यक्षों ने वर्ष 2015 में अब तक किए कार्यों की आख्या प्रस्तुत की।
इससे पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष के नगर आगमन पर जेसीज संगठनों के सदस्यों ने इलाइट चौराहा पर स्वागत किया। वहीं उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई पार्क में महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। तदुपरांत राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जेसी झांसी वीरांगना द्वारा पैरा मेडिकल के पीछे जेसीज की समाधान योजना के अंतर्गत निर्मित छह शौचालयों, जेसी झांसी उड़ान द्वारा निर्मित सूरज प्रसाद बालिका इंटर कालेज में तेरह शौचालयों, जेसीआई ग्रेटर द्वारा खालसा स्कूल के समीप मलिन बस्ती में निर्मित दो शौचालयों, जेसीआई क्लासिक द्वारा बड़ा बाजार स्थित जैक एंड जिल स्कूल में निर्मित पांच शौचालयोें, जेसीआई रानी लक्ष्मीबाई जेसीज द्वारा मुहल्ला चौधरयाना के सरस्वती शिशु मंदिर में निर्मित दो शौचालयों का उद्घाटन किया।
इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित विशिष्ट अतिथि आलोक कुमार सिंह, मंडल उपाध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल, जोन डायरेक्टर प्रोग्राम गिरीश अग्रवाल मोदी का सम्मान किया गया। इस अवसर पर रानी लक्ष्मीबाई के अध्याय अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता, सचिव शुभम अग्रवाल, वीरांगना की अध्यक्षा रेखा राठौर, उड़ान के अध्यक्ष नरेश गोयल, ग्रेटर के अध्यक्ष अनूप अग्रवाल, क्लासिक के अध्यक्ष रचित अग्रवाल सहित रवींद्र प्रकाश गुप्ता, अजीत अग्रवाल, आनंद अग्रवाल, रंजीत राठौर, हेमा पालरवाले, राकेश श्रीवास्तव, ग्रेटर के चार्टर अध्यक्ष विजय अग्रवाल, पूनम अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, संजीव अग्रवाल आदि मौजूद रहे।