झांसी और ललितपुर में कोरोना वायरस ने रफ्तार पकड़ ली है। झांसी में सोमवार को 10 तो ललितपुर में 13 संक्रमित मिले हैं। इस साल कोरोना का ये सबसे बड़ा हमला है।
अप्रैल की शुरुआत के बाद से ही कोरोना महामारी का खतरा बढ़ने लगा है। जैसे-जैसे कोरोना की जांच बढ़ रही है, वैसे-वैसे मरीजों की संख्या में भी तेजी से इजाफा होता जा रहा है। सोमवार को झांसी में कोविड की चपेट में सात महिलाएं और तीन पुरुष आ गए हैं। इसमें चार तो बुजुर्ग महिलाएं शामिल हैं। वहीं, ललितपुर में पुलिस कर्मचारी समेत 13 पाॉजिटिव मिले हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कोविड की चपेट में आने वाले मरीजों के परिजनों की मंगलवार को कोरोना की सैंपलिंग कराई जाएगी। अभी सभी मरीजों को होम क्वारंटीन कर दिया गया है। इन्हें बुखार, खांसी और जुकाम बना हुआ है। डॉक्टरों का कहना है कि लोगों को अब कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना चाहिए। बिना मास्क के घरों से बाहर न निकलें। खासकर भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचें।