झांसी। सदर बाजार थाना इलाके के सिमराहा में दो पक्षों में जमकर विवाद हुआ। इस दौरान लाठी डंडे भी चले। पुलिस ने दोनों पक्षों के छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
सिमराहा में मंगलवार को दो बाइक टकराने से शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान दोनो पक्षों की ओर से जमकर लाठी-डंडे चलेे, जिसमें कुछ लोगों को चोटें भी आईं। सदर बाजार थाने में एक पक्ष की ओर से ममता पाल ने शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने क्षेत्र के ही अंकित यादव, मंगल यादव, कैलाश यादव व अरविंद यादव पर मारपीट का आरोप लगाया। जबकि, दूसरे पक्ष की आशा देवी ने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कपिल पाल व विजय पाल पर मारपीट का आरोप लगाया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वहीं, एक पक्ष की ममता पाल बुधवार को क्षेत्र के कई लोगों के साथ पुलिस ऑफिस पहुंची। उन्होंने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके बेटे कपिल व ससुर रामसिंह पाल के साथ जमकर मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।