मजदूरों को लेकर जाने वाली बसों को सैनिटाइज करता नगर निगम का कर्मचारी।
झांसी। कोरोना संक्रमण झांसी में पैर न पसार पाए, इसे लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। गाजीपुर में कोटा से लौटी छात्रा के संक्रमित मिलने के बाद बसों के सैनिटाइजेशन का काम शुरू कर दिया गया है। बुधवार को नगर निगम की टीम ने कोटा से लौटीं रोडवेज बसों और मजदूरों को लेकर जाने वाली बसों को सैनिटाइज कराया।
जिले में कोरोना संक्रमण का एक भी मामला सामने नहीं आया है। इसे लेकर प्रशासन काफी सजगता बरत रहा है। लॉकडाउन शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में बाहरी प्रदेशों से मजदूर झांसी आए थे। जिन्हें शिवानी चौराहे से प्राइवेट और स्कूल बसों के जरिए गंतव्य के लिए भेजा गया। इसके बाद बसों को जीआईसी ग्राउंड में खड़ा करा दिया गया। फिर हाल ही में कोटा से बच्चों को लाने के लिए रोडवेज की 100 बसें भेजी गईं। इन बसों के लौटने के बाद हंसारी स्थित रोडवेज डिपो में खड़ा करा दिया गया। बुधवार को नगर निगम की टीम ने हंसारी में रोडवेज बसों और जीआईसी ग्राउंड में खड़ी प्राइवेट बसों को सैनिटाइज कराया। इस दौरान कर्मचारियों ने मशीन के जरिए बसों के कोने-कोने को सैनिटाइज किया। अपर नगर आयुक्त शादाब असलम ने बताया कि बसों के सैनिटाइजेशन का काम चल रहा है। हाल ही में कई बार बसों को सैनिटाइज कराया गया है।